Advertisment
Advertisment
छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अब अधोसंरचना विकास में भी निभाएगा अहम भूमिका : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

नए लोगो का विमोचन, लकी ड्रा विजेताओं को मिले कार-स्कूटी सहित आकर्षक पुरस्कार

NTN REPORT// रायपुर, 26 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी प्रदेश के विकास को नई गति देगा। मुख्यमंत्री ने नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन करते हुए यह बात कही।कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 के आवास मेले में आवास बुक करने वाले हितग्राहियों के लिए लकी ड्रा आयोजित किया गया, जिसमें विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित अन्य पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही नए लोगो के डिजाइनर अंशुल कश्यप को प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि के रूप में 2.50 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।

दो वर्षों में 7 हजार से अधिक संपत्तियों का विक्रय, 1500 करोड़ से ज्यादा राजस्व अर्जित

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंडल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने आर्थिक चुनौतियों से उबरते हुए 7,388 से अधिक परिसंपत्तियों का विक्रय किया है और इससे 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आवास एवं पर्यावरण विभाग, मंडल के अध्यक्ष और पूरी टीम को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर परिवार का अपना पक्का घर होना एक सपना होता है और राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई थी। आज प्रदेश में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के साढ़े दस लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1,600 नए आवास तैयार किए जा रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार से 15 हजार अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराए गए हैं, वहीं विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी विशेष आवास योजना चलाई जा रही है।

सुशासन और डिजिटल सेवाओं से बदली व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता सुशासन और पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करना है। ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से 450 से अधिक शासकीय सेवाएं मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में करीब 65 हजार घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। योजना के तहत सरकार सोलर संयंत्र लगाने के लिए आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध करा रही है।

गृह निर्माण मंडल को मिला अधोसंरचना विकास का नया स्वरूप : ओपी चौधरी

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विभाग में कई प्रशासनिक सुधार किए गए हैं। गृह निर्माण मंडल को अब अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में नई पहचान दी गई है, जिससे प्रदेश में पूंजीगत व्यय और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पूंजीगत व्यय करने वाले विभागों को वित्तीय और मानव संसाधन के माध्यम से सक्षम बनाकर प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना सरकार की आर्थिक सोच का हिस्सा है।

मंत्री ने कहा कि अब नई आवासीय परियोजनाओं को तभी शुरू किया जाएगा जब पर्याप्त बुकिंग सुनिश्चित हो जाए, जिससे अनावश्यक निर्माण और वित्तीय जोखिम को कम किया जा सके। वन टाइम सेटलमेंट योजना से वर्षों से लंबित संपत्तियों के विक्रय में भी तेजी आई है।

मांग आधारित और गुणवत्तापूर्ण परियोजनाओं पर रहेगा जोर

मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मंडल ने नई कार्य संस्कृति अपनाई है। गृह निर्माण मंडल का विस्तार कर अधोसंरचना विकास मंडल बनाया जाना प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और वित्तीय रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

लकी ड्रा में सारंगढ़ की पूजा बरेठ को मिली कार

कार्यक्रम में लकी ड्रा के नौ विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। सारंगढ़ की पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार दी गई। इसके अलावा अन्य विजेताओं को स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एलईडी टीवी सहित विभिन्न पुरस्कार मिले।

कार्यक्रम में आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभागीय अधिकारी और हितग्राही उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!