Advertisment
Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर शहर में ट्रैफिक की बड़ी समस्या: विशाल मेगा मार्ट के पास पार्किंग अभाव से लगा जाम, आम नागरिक और व्यापारी दोनों परेशान 

NTN NEWS REPORT// जांजगीर, दिनांक 16 अक्टूबर 2025 — जांजगीर शहर के मुख्यालय क्षेत्र में हाल ही में खुले विशाल मेगा मार्ट के पास पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेगा मार्ट में खरीदारी के लिए आने वाले लोग वाहन पार्किंग के अभाव में सड़क किनारे और आसपास की दुकानों के सामने ही गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं, जिसके कारण मुख्य मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है और आसपास के दुकानदारों को भी गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क और दुकानों के सामने बन रही है पार्किंग :

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि विशाल मेगा मार्ट के ग्राहकों द्वारा उनकी दुकानों के सामने वाहन पार्क किए जा रहे हैं, जिससे न केवल उनके ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होती है बल्कि व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। दुकानदारों ने बताया कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद मेगा मार्ट प्रबंधन द्वारा पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं की गई है।

व्यापारियों ने जताया आक्रोश, सौंपेंगे ज्ञापन : 

इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्र के कई दुकानदार अब एकजुट होकर कल जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। व्यापारियों की मांग है कि प्रशासन इस विषय पर तत्काल हस्तक्षेप करे और मेगा मार्ट को पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बाध्य करे।

त्योहारी सीजन में बढ़ रही परेशानी : 

दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के समय जब बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में यह स्थिति और भी विकट हो गई है। जाम के कारण लोगों को घंटों तक सड़क पर फंसे रहना पड़ रहा है। कई बार एंबुलेंस और आवश्यक सेवा वाहनों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

प्रशासन ने किया था सड़क चौड़ीकरण, फिर भी बढ़ रहा संकट : दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुचारू यातायात व्यवस्था के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा इस मार्ग का चौड़ीकरण कार्य कराया गया था। लेकिन संस्थान द्वारा पार्किंग के लिए सड़क का उपयोग किए जाने से सड़क चौड़ी होने के बावजूद भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।

यातायात पुलिस की मेहनत पर पानी : 

एक ओर पूरे जिले में यातायात महकमा त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात है, वहीं दूसरी ओर ऐसे बड़े प्रतिष्ठानों द्वारा पार्किंग जैसी मूलभूत आवश्यकता की अनदेखी उनके प्रयासों को कमजोर कर रही है।

जिम्मेदारी कौन लेगा?

अगर इस भीड़भाड़ और जाम की स्थिति में किसी दुर्घटना की घटना घटती है तो इसकी जिम्मेदारी और जवाबदेही किसकी होगी — यह बड़ा प्रश्न बनकर उभर रहा है। क्या जिला प्रशासन ऐसे संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करेगा जो सार्वजनिक मार्ग और व्यापारिक दुकानों के सामने पार्किंग स्थल बना रहे हैं?

नागरिकों की मांग: सख्त कार्रवाई और ठोस नीति की जरूरत : स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अनिवार्य रूप से व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही सार्वजनिक मार्ग या दुकानों के सामने वाहन खड़े करने पर सख्त कार्यवाही की जाए ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रहे और किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!