Advertisment
Advertisment
अपराधरायपुरस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

ऑपरेशन निश्चय की बड़ी सफलता: रायपुर में नशीली दवाओं के सप्लाई सिंडिकेट का भंडाफोड़

17,808 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त, 4 मेडिकल संचालक और 1 एम.आर. सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

NTN NEWS REPORT// रायपुर, 06 जनवरी 2026।
रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम देते हुए मेडिकल दवाइयों की आड़ में चल रहे नशीली टेबलेट के सप्लाई सिंडिकेट का पर्दाफाश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र से शुरू हुई जांच के बाद शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित चार मेडिकल स्टोर्स के संचालक एवं एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17,808 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (अल्प्राजोलम एवं स्पासमो), एक चारपहिया वाहन टाटा सफारी (क्रमांक CG 04 Q 0513) एवं 05 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 01 करोड़ रुपये आंकी गई है।मेडिकल स्टोर्स के माध्यम से हो रहा था नशीली दवाओं का अवैध कारोबार

जांच में सामने आया कि पुरानी बस्ती, टिकरापारा, खमतराई एवं धरसींवा क्षेत्र में स्थित मेडिकल स्टोर्स के संचालक बिना किसी वैध दस्तावेज के प्रतिबंधित नशीली टेबलेट का विक्रय कर रहे थे। यह दवाइयां अन्य राज्यों से कोरियर एवं बस ट्रांसपोर्ट के माध्यम से रायपुर मंगाई जा रही थीं।


खुफिया सूचना से खुला पूरा नेटवर्क

दिनांक 05 जनवरी 2026 को एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट को सूचना मिली कि कुशालपुर स्थित रत्ना मेडिकल स्टोर में अवैध रूप से नशीली टेबलेट बेची जा रही हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने प्वाइंटर के माध्यम से टेस्ट पर्चेस कराया। अवैध बिक्री की पुष्टि होते ही दुकान में दबिश दी गई।

मौके पर मौजूद संचालक कान्हा कृष्ण कश्यप उर्फ सूरज के पास से प्रतिबंधित टेबलेट बरामद की गई। पूछताछ में उसने दवाइयां आनंद शर्मा (एम.आर.) से प्राप्त करना बताया। आगे की कार्रवाई में आनंद शर्मा को गिरफ्तार किया गया, जिसने स्वीकार किया कि वह यह दवाइयां जबलपुर से कोरियर व बस ट्रांसपोर्ट के जरिए रायपुर लाता था।


एक साथ तीन जगह दबिश, तीन और आरोपी गिरफ्तार

आनंद शर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमों का गठन कर टिकरापारा, खमतराई और धरसींवा क्षेत्र के मेडिकल स्टोर्स में एक साथ दबिश दी।
यहां से काव्या मेडिकोज, प्यारी लक्ष्मी मेडिकल स्टोर और भरोसा मेडिकल स्टोर के संचालकों को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।


नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज

प्रकरण में थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 10/26, धारा 21(सी), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर सभी 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अंतर्राज्यीय आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।


मेडिकल स्टोर्स सील, लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संबंधित सभी मेडिकल स्टोर्स को सील किया जाएगा तथा उनके लाइसेंस निरस्त कराने की अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही प्रतिबंधित नशीली दवाओं के परिवहन में संलिप्त कोरियर कंपनियों और बस संचालकों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


बदलते अपराध, उसी रफ्तार से बदलती पुलिस रणनीति

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में रायपुर पुलिस द्वारा इंटेलिजेंस-ड्रिवन, माइक्रो-लेवल सर्विलांस और एंड-टू-एंड विवेचना के माध्यम से इस कार्रवाई को सफल बनाया गया है।


सील किए गए मेडिकल स्टोर्स के नाम

  1. रत्ना मेडिकल स्टोर, कुशालपुर, पुरानी बस्ती
  2. काव्या मेडिकोज, टिकरापारा
  3. प्यारी लक्ष्मी मेडिकल स्टोर, भनपुरी, खमतराई
  4. भरोसा मेडिकल स्टोर, सांकरा, धरसींवा

गिरफ्तार आरोपी

  1. कान्हा कृष्ण कश्यप उर्फ सूरज, उम्र 31 वर्ष, पुरानी बस्ती
  2. आनंद शर्मा, उम्र 45 वर्ष, न्यू चंगोराभाठा
  3. धीमन मजूमदार, उम्र 31 वर्ष, टिकरापारा
  4. राहुल वर्मा, उम्र 26 वर्ष, खमतराई
  5. मोह. अकबर, उम्र 29 वर्ष, धरसींवा

रायपुर पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार मानी जा रही है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!