
बलौदा पुलिस की बड़ी सफलता: अपहृत नाबालिग बालिका 3 दिन में सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा,20 जनवरी 2026।जांजगीर-चांपा जिले के थाना बलौदा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को मात्र तीन दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ अनाचार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
शादी का झांसा देकर किया अपहरण और अनाचार
पुलिस के अनुसार, दिनांक 16 जनवरी 2026 को एक नाबालिग बालिका को अज्ञात आरोपी द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया था। परिजनों की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चला सघन सर्च ऑपरेशन
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी एवं अपहृता की पतासाजी शुरू की गई। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 19 जनवरी 2026 को नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने किया जुर्म कबूल
बालिका की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी सुनील कश्यप (20 वर्ष), निवासी पचरी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने तथा उसके साथ अनाचार करने का अपराध स्वीकार किया।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ अपराध
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 96, 64(M), 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा (थाना प्रभारी बलौदा), सहायक उप निरीक्षक प्रतिभा राठौर, प्रधान आरक्षक मुकेश यादव एवं थाना बलौदा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।