
NTN REPORT//रायपुर, 27 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के ग्राम नारायणपुर में कुम्हार समाज द्वारा आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ एवं चक्र पूजा कार्यक्रम में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कुम्हार समाज के विकास और सशक्तिकरण हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं।

🔹जशपुर में शिल्पकारों के लिए स्थापित होगा ग्लेज़िंग यूनिट : मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्राम गोरिया में माटी कला बोर्ड के माध्यम से एक अत्याधुनिक ग्लेज़िंग यूनिट स्थापित की जाएगी। इससे मिट्टी के उत्पादों की गुणवत्ता, फिनिशिंग और बाजार मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
कुम्हार समाज के मंगल भवन विस्तार हेतु 25 लाख रुपए : कुम्हार समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने मंगल भवन के विस्तार के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। इससे समाज की गतिविधियों को बेहतर स्थान और सुविधाएँ मिलेंगी।
🔹100 कुम्हारों को इलेक्ट्रॉनिक चाक का वितरण : कार्यक्रम में सरगुजा संभाग के 100 कुम्हारों को इलेक्ट्रॉनिक चाक (इलेक्ट्रिक पॉटर व्हील) वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, मेहनत कम होगी और उत्पादों को बेहतर फिनिशिंग मिलेगी, जिससे बाजार मूल्य भी बढ़ेगा।
🔹कारीगरों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की पहल : मुख्यमंत्री ने कहा कि कुम्हार समाज छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने बताया कि— नई डिजाइन और आधुनिक तकनीक के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं। सरकार कारीगरों को उपकरण खरीदने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। मेलों, प्रदर्शनियों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से मार्केटिंग को मजबूत किया जा रहा है। लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ की माटी कला को वैश्विक पहचान मिले।उन्होंने कहा, “चक्र पूजा केवल चाक की आराधना नहीं, बल्कि सृष्टि, परिश्रम और रचनात्मकता का प्रतीक है। हमारी सरकार कुम्हार समाज की विरासत के संरक्षण और संवर्धन के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।”
🔹बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे उपस्थित : कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत, पद्मश्री जागेश्वर यादव, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूराम चक्रवर्ती, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, कृष्ण कुमार राय, विजय आदित्य प्रताप सिंह जूदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।