
जिला पंचायत सामान्य सभा में बड़े फैसले: कैम्पा वृक्षारोपण की होगी जमीनी जांच, बिजली-स्वास्थ्य-शिक्षा व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में हुई सामान्य सभा, वर्षों से एक ही पंचायत में पदस्थ सचिवों के स्थानांतरण, ग्रामीण बिजली व्यवस्था सुधार और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 29 जुलाई 2026।
जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और पूर्व में पारित प्रस्तावों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश देते हुए विभागीय कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए तथा अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी भी व्यक्त की गई।
कैम्पा मद से हुए वृक्षारोपण की होगी जमीनी जांच
बैठक में वन विभाग की समीक्षा के दौरान पिछले दो वर्षों में जिले में हुए वृक्षारोपण कार्यों की ग्राम पंचायतवार विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पिछले दो वर्षों में कैम्पा सहित विभिन्न मदों से किए गए वृक्षारोपण कार्यों का जिला पंचायत सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों की संयुक्त समिति बनाकर भौतिक सत्यापन कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पिछले दो वर्षों में पेड़ों की कटाई, कटाई के कारण, नीलामी एवं विक्रय से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन भी वन विभाग से मांगा गया।
धान उठाव और सहकारी समितियों की होगी निगरानी
सहकारिता विभाग को निर्देश दिए गए कि सभी समितियों से धान उठाव की अद्यतन जानकारी संबंधित वाहन संख्या सहित उपलब्ध कराई जाए, जिससे परिवहन एवं धान उठाव की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
15 वर्ष से एक ही पंचायत में पदस्थ सचिवों का होगा स्थानांतरण
बैठक में एक ही ग्राम पंचायत में लंबे समय से कार्यरत पंचायत सचिवों के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पाँच वर्ष से अधिक समय से पदस्थ सचिवों की सूची तैयार करने तथा चरणबद्ध तरीके से उनका स्थानांतरण करने के निर्देश दिए गए। वहीं 15 वर्ष से अधिक समय से एक ही पंचायत में कार्यरत सचिवों का प्रथम चरण में स्थानांतरण प्राथमिकता से करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर विशेष जोर
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और समय-समय पर पालक-शिक्षक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश प्राप्त विद्यार्थियों की विद्यालयवार सूची प्रस्तुत करने तथा निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों का उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
उद्योग विभाग से मांगी बकाया जल कर की जानकारी
उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के उद्योगों पर लंबित जल कर की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
धान उपार्जन और बुनकर समिति की सहायता की समीक्षा
बैठक में वर्ष 2015 से 2022 तक धान उपार्जन केंद्रों में पंजीकृत किसानों की केंद्रवार जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही आदर्श कोसा बुनकर सहकारी समिति मर्यादित, सिवनी को वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में विभिन्न योजनाओं के तहत दी गई वित्तीय सहायता की समीक्षा भी की गई।
ग्रामीण बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब होने और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में संस्थागत प्रसव, स्वास्थ्य सुविधाओं और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए।
16वें वित्त और जिला पंचायत विकास निधि के कार्यों को मिली मंजूरी
बैठक में जिला पंचायत विकास निधि के अनुमेय कार्यों तथा 16वें वित्त आयोग के तहत प्रस्तावित कार्यों का अनुमोदन भी किया गया।
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और भविष्य में सभी अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
बैठक में रहे उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन कुमार जयपुरिया, जिला पंचायत समिति के सभापति एवं सदस्य प्रियंका सिंह क्षत्री, राजकुमार साहू, ज्योति कश्यप, नेहा साहू, संतोषी सिंह रात्रे, प्रीति दिव्य, प्रमिला साहू, महादेव नेताम, उर्मिला यादव, बबीता रात्रे, उमा राजेन्द्र राठौर, मोहन कुमारी साहू, आशा साव, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार धिरही, जांजगीर विधायक प्रतिनिधि दिनेश शर्मा, विधायक अकलतरा प्रतिनिधि संदीप यादव, विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।