Advertisment
Advertisment
अपराधराज्य/शहर

दुर्ग रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 48 लाख की फॉरेक्स ठगी में शामिल दो साइबर ठग गिरफ्तार 

NTN REPORT// दुर्ग, 30 नवम्बर 2025। सायबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग रेंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आंध्रप्रदेश से फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 48 लाख 67 हजार 500 रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में की गई।

इंस्टाग्राम लिंक पर क्लिक करते ही उड़ गए थे लाखों रुपये

दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को एक पीड़ित ने सायबर थाना दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही उनसे कुल ₹48,67,500 की ठगी कर ली गई।
शिकायत पर अपराध क्रमांक 08/2025 धारा 318(4), 336, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

डिजिटल ट्रैकिंग से मिला सुराग, आंध्रप्रदेश से धर-दबोचे आरोपी : सायबर थाना की तकनीकी टीम ने डिजिटल ट्रैकिंग और साइबर विश्लेषण के जरिए आरोपियों की लोकेशन जिला अनकापल्ली (आंध्रप्रदेश) में चिन्हित की। इसके आधार पर एक विशेष पुलिस टीम वहां भेजी गई, जहां से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी : 1. पी. सत्यनागा मूर्ति, पिता सत्यनारायण मूर्ति, उम्र 25 वर्ष निवासी—पुलापर्थी, यालामंचली मंडल, जिला अनकापल्ली (आंध्रप्रदेश)

2. बालाजी श्रीनू, पिता बालाजी रामू नायडू, उम्र 34 वर्ष
निवासी—चिन्ना विधि, तहसील यालामंचली, जिला पुलापर्थी, विशाखापट्टनम (आंध्रप्रदेश) दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध कर दिया गया है।

कार्रवाई में जुटी टीम : निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा, सउनि पूर्ण बहाद्दुर, आरक्षक अनूप कुमार शर्मा, आरक्षक जुगनू सिंह, आरक्षक विवेक सिंह इन सभी की भूमिका इस सफल अभियान में महत्वपूर्ण रही।

पुलिस की अपील: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें दुर्ग रेंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि— किसी भी अनजान लिंक, ऑनलाइन निवेश या फॉरेक्स/ट्रेडिंग के आकर्षक प्रस्तावों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की तत्काल सूचना सायबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी सायबर थाना को दें। सुरक्षा जागरूकता के लिए सायबर प्रहरी को फॉलो करें।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!