
तहसील ऑफिस का बाबू रिश्वत लेते हुए पकड़ाया, एसीबी की कार्यवाही
छत्तीसगढ़,कांकेर23अक्टूबर 24// आज एसीबी की टीम ने दस हजार की रिश्वत लेते तहसील के बाबू और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आमाबेड़ा तहसील में पदस्थ बाबू पुरूषोत्तम सिंह गौतम सांप काटने से हुई मौत की मुआवजा राशि निकालने के एवज में पच्चीस हजार रुपए की मांग किया था। चार हजार ले चुका था और दस हजार की रिश्वत देने पीड़ित परिवार को बुलाया था। आज एसीबी की टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ तहसील के बाबू और उसके सहयोगी को पकड़ा है।
प्रार्थी अमर सिंह हुपेण्डी, ग्राम अर्रा, तहसील आमाबेड़ा, जिला-कांकेर द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, जगदलपुर में शिकायत की गई थी कि उनके चचेरे भाई राधेश्याम हुपेण्डी की सर्पदंश से मृत्यु पश्चात् शासन से मिलने वाली 4 लाख मुआवजा राशि की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में आमाबेड़ा जिला-कांकरे तहसील कार्यालय का बाबू पुरूषोत्तम सिंह गौतम ने 25,000 रू0 रूपये रिश्वत की मांग की है, जिसमें से 4,000 रू0 पहले ही ले लिया गया है।
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था अपितु आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन के पश्चात् आज दिनांक 23.10.2024 को ट्रेप आयोजित कर आरोपी पुरूषोत्तम सिंह गौतम को प्रार्थी से अगली किश्त के रूप में 10,000 रु० रिश्वत अपने सहयोगी रेखचंद यादव के माध्यम से लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् कार्यवाही की जा रही है।