Advertisment
Advertisment
अपराधरायपुरस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

आरटीओ कार्यालय का सहायक प्रोग्रामर 14 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

NTN NEWS REPORT// रायपुर, 10 अप्रैल 2026। जिला रायपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के सहायक प्रोग्रामर को 14 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वाहन नामांतरण के लिए मांगी गई थी रिश्वत

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी वीर सिंह ठाकुर, निवासी संतोषी नगर रायपुर ने एंटी करप्शन ब्यूरो, रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने चोला मंडलम से फाइनेंस कराकर एक चारपहिया वाहन अशोक लेलैंड (बड़ा दोस्त) खरीदा था। उक्त वाहन का नाम ट्रांसफर कराने के लिए आरटीओ क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में पदस्थ सहायक प्रोग्रामर शोभा राम देवांगन द्वारा 18,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने पहले ही 3,000 रुपये एडवांस के रूप में ले लिए थे और शेष राशि देने का दबाव बना रहा था।

सत्यापन में सही पाई गई शिकायत

प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 15,000 रुपये की मांग की पुष्टि हुई, जिस पर बातचीत के बाद 14,000 रुपये में सौदा तय हुआ।

ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथ गिरफ्तार

शिकायत सत्यापन के बाद आज दिनांक 10 अप्रैल 2026 को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई आयोजित की। योजना के तहत प्रार्थी ने आरोपी शोभा राम देवांगन को 14,000 रुपये दिए, जिस दौरान एसीबी की टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एंटी करप्शन ब्यूरो ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल इसकी सूचना एसीबी को दें, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!