
12 ज्योतिर्लिंग की महिमा से गूंजा बद्री गार्डन, शिव महापुराण कथा के 7वें दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
संगीतमय कथा में आचार्य अनुराग कृष्ण दुबे ने सुनाई 12 ज्योतिर्लिंगों की उत्पत्ति और महिमा, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ एवं सर्वजन कल्याण समिति के तत्वावधान में बद्री गार्डन जांजगीर में आयोजित शिव महापुराण कथा के सातवें दिन रविवार को 12 ज्योतिर्लिंगों की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया। कथा सुनने के लिए जांजगीर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से बद्री गार्डन का पूरा परिसर शिवभक्ति से सराबोर नजर आया।
कथा व्यास आचार्य पंडित अनुराग कृष्ण दुबे ने संगीतमय शैली में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों की कथा सुनाई। उन्होंने सोमनाथ, मल्लिकार्जुन, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, केदारनाथ, भीमाशंकर, काशी विश्वनाथ, त्र्यंबकेश्वर, वैद्यनाथ, नागेश्वर, रामेश्वरम एवं घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग की उत्पत्ति, धार्मिक महत्व एवं महिमा का विस्तार से वर्णन किया।
12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन की बताई महिमा
कथा के दौरान आचार्य अनुराग कृष्ण दुबे ने बताया कि भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। उन्होंने ज्योतिर्लिंगों से जुड़ी विभिन्न पौराणिक कथाओं का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भगवान शिव की आराधना, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
उन्होंने धार्मिक मान्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन एवं भगवान शिव की भक्ति से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
भजन-कीर्तन में झूमे शिवभक्त
12 ज्योतिर्लिंग की कथा सुनने के लिए दीनदयाल कॉलोनी, खोखरा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बद्री गार्डन पहुंचे। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और भगवान शिव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर भाव-विभोर होकर भगवान शिव की आराधना की।
कथा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बद्री गार्डन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के कारण पूरा परिसर शिवमय नजर आया।
बड़ी संख्या में पेंशनर्स, वरिष्ठ नागरिक और आमजन रहे मौजूद
कार्यक्रम में रूपेश त्रिवेदी, सोमेश बाजपेई, देवेंद्र शुक्ला, हाईकोर्ट अधिवक्ता, डॉ. पीके नरूला, डॉ. अशोक पालीवाल, डॉ. विनोद पालीवाल, डॉ. अरविंद द्विवेदी, कांग्रेस नेता दिनेश शर्मा, निरंजन गुप्ता, देव कुमार पाण्डेय, मनोज बतवेत सहित पत्रकारगण उपस्थित रहे।
इसके अलावा संतोष राठौर, केसी राठौर, विश्राम राठौर, मनहरण राठौर सहित छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ जांजगीर-चांपा के पदाधिकारी, दीनदयाल कॉलोनी एवं पुलिस कॉलोनी की महिलाएं, बड़ी संख्या में पेंशनर्स, वरिष्ठ नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन भी कथा में शामिल हुए।
कथा के उपरांत कथा व्यास आचार्य पंडित अनुराग कृष्ण दुबे द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं आशीर्वाद स्वरूप शिव पट्टा प्रदान किया गया।
10 अगस्त को होगा शिव महापुराण कथा का समापन
आयोजकों के अनुसार 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक बद्री गार्डन जांजगीर में शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का समापन 10 अगस्त को होगा। समापन अवसर पर अखिल भारतीय राज्य पेंशनर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से समापन दिवस के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है।