Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

एडीएम कोर्ट चेम्बर में क्लर्क के कथित रिश्वत लेने का वीडियो वायरल, जांच के बाद कार्रवाई का कलेक्टर ने दिया भरोसा

NTN REPORT// कलेक्ट्रेट कार्यालय में एडीएम (अपर कलेक्टर) के कोर्ट चेम्बर से जुड़ा एक कथित वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में एक क्लर्क आर. एस. कोरार्म द्वारा कथित रूप से पैसे लेते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह के कोर्ट चेम्बर में यह वीडियो बनाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। स्थानीय स्तर पर पहले से ही संबंधित कर्मचारी द्वारा पैसे लेने की शिकायतें आने की बात कही जा रही थी।

विपक्ष एवं आम लोगों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं कि यदि लंबे समय से इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं तो समय रहते प्रशासनिक स्तर पर संज्ञान लेकर जांच या कार्रवाई क्यों नहीं की गई। एडीएम कार्यालय के चेम्बर में इस तरह के कथित लेनदेन का वीडियो सामने आना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी प्रश्न खड़े करता है।

प्रतीकात्मक एआई तस्वीर

मामले को लेकर एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल नंबर बंद बताया गया।

वहीं वायरल वीडियो के संबंध में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि पैसे लेते हुए वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। वीडियो की पुष्टि और प्रमाणिकता जांच के बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब राज्य सरकार द्वारा सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में सरकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़ा कोई भी मामला प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है।

NTN REPORT की ओर से स्पष्ट किया जाता है कि वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें दिख रहे व्यक्ति की पहचान तथा वीडियो की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि NTN REPORT द्वारा नहीं की जाती है। यह पूरा मामला जांच का विषय है। प्रशासनिक जांच एवं सक्षम अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है।

नियमानुसार किसी भी कर्मचारी पर भ्रष्टाचार या रिश्वत लेने के आरोप सिद्ध होने पर संबंधित सेवा नियमों एवं भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है। जांच में दोष प्रमाणित होने पर विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानून के अनुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई भी संभव है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!