Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

बंद लिफाफे के टेंडर फॉर्म से टीडीआर गायब, ठेकेदार ने नवागढ़ पुलिस से की जांच की मांग

नगर पंचायत नवागढ़ में निविदा प्रक्रिया पर उठे सवाल, लाखों के नुकसान का आरोप

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत नवागढ़ में टेंडर फॉर्म जमा करने के बाद उससे टीडीआर (टेंडर डिपॉजिट रसीद) गायब होने का मामला सामने आया है। मामले में ठेकेदार ने नवागढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत नवागढ़ में एनआईटी क्रमांक-149 दिनांक 19-05-2026 के तहत कुल 23 कार्यों के लिए निविदा जारी की गई थी। इसमें कार्य क्रमांक 7, 9, 11 एवं 21 की निविदा दर शिवनारायण पोस्ट ऑफिस से स्पीड पोस्ट के माध्यम से वासु कंस्ट्रक्शन जांजगीर द्वारा नगर पंचायत कार्यालय नवागढ़ में जमा कराई गई थी।

शिकायत के मुताबिक जब 5 जून को नगर पंचायत कार्यालय में बंद लिफाफा खोला गया तो वासु कंस्ट्रक्शन के नाम से टीडीआर लिफाफे में मौजूद नहीं मिला। ठेकेदार का आरोप है कि टीडीआर को लेकर छेड़छाड़ की गई है, क्योंकि उनके अनुसार लिफाफा फेविकोल से सील किया गया था, लेकिन लिफाफा खुलने के समय उस पर टेप लगा हुआ पाया गया।

ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। उनके अनुसार टीडीआर गायब होने से उन्हें निविदा प्रक्रिया से बाहर होना पड़ा और इससे लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।

शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि नगर पंचायत के कर्मचारियों द्वारा लिफाफे से छेड़छाड़ की गई है। मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।

आज दिनांक तक नहीं हुई ठोस कार्रवाई, जांच का इंतजार

इतना गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा आज दिनांक तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि टेंडर प्रक्रिया में दस्तावेजों की सुरक्षा और पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण होती है।

मामले का जल्द से जल्द खुलासा होना आवश्यक है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यदि वास्तव में लिफाफे से छेड़छाड़ हुई है तो इसके पीछे किसकी भूमिका है और जिम्मेदार कौन है।

अब देखने वाली बात होगी कि जांच आगे बढ़ती है या नहीं, दोषी सामने आते हैं या फिर ऐसे मामलों में गलत का बोलबाला बना रहता है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!