Advertisment
Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपा

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

लिफ्ट देकर बढ़ाई नजदीकियां, होटल में ले जाकर बनाया शारीरिक संबंध, शिकायत मिलते ही हरकत में आई कोतवाली पुलिस

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 06 जून 2026। शादी का झांसा देकर एक युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को कोतवाली जांजगीर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष सिंह (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-9, भैंसो, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है।

लिफ्ट देने के बहाने हुई पहचान

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पूर्व वह घरेलू कार्य से जांजगीर आई हुई थी। रात अधिक हो जाने के कारण वह घर लौटने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी आशीष सिंह वहां पहुंचा और परिचित होने का दावा करते हुए उसे मोटरसाइकिल से घर छोड़ने की बात कही। रास्ते में आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल नंबर भी ले लिया।

इसके बाद आरोपी लगातार फोन पर संपर्क करता रहा और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता का विश्वास जीतकर उससे नजदीकियां बढ़ा लीं।

शादी का भरोसा दिलाकर होटल ले गया

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने युवती को घुमाने के बहाने जांजगीर स्थित एक होटल में बुलाया। वहां उसने शादी करने का आश्वासन दिया और पीड़िता के विरोध करने के बावजूद उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बाद आरोपी उसे वापस घर छोड़ आया।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर तथा डरा-धमकाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब भी पीड़िता विवाह की बात करती, आरोपी टालमटोल करने लगता था।

परेशान होकर युवती पहुंची थाने

लगातार शोषण और आरोपी द्वारा शादी से इंकार किए जाने के बाद पीड़िता ने कोतवाली जांजगीर थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को घर से पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी के गांव भैंसो पहुंचकर उसे उसके घर से हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम का रहा विशेष योगदान

पूरे मामले में थाना कोतवाली जांजगीर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर एवं महिला आरक्षक रेखा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!