इम्तियाज अली के बयान पर मचा बवाल, अब दीपिका पादुकोण के नाम लिखी लंबी सफाई!
NTN REPORT// फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली इन दिनों अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं. उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में दीपिका पादुकोण की ‘गुड गर्ल इमेज’ को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर जमकर बहस शुरू हो गई. फैंस ने निर्देशक की आलोचना करते हुए उनके बयान को आपत्तिजनक बताया. विवाद बढ़ने के बाद अब इम्तियाज अली ने दीपिका के नाम एक लंबी पोस्ट लिखकर सफाई दी है।

क्या था पूरा विवाद?
दरअसल, न्यूज18 को दिए एक इंटरव्यू में इम्तियाज अली ने दीपिका पादुकोण की ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन पर्सनैलिटी को लेकर बात की थी. उन्होंने 2012 में रिलीज हुई फिल्म कॉकटेल के दौरान दीपिका के किरदार ‘वेरोनिका’ का जिक्र करते हुए कहा था कि यह भूमिका उनकी उस समय की सार्वजनिक छवि से बिल्कुल अलग थी.
इम्तियाज ने कहा कि वह दीपिका के साथ पार्टियों और निजी मौकों पर समय बिता चुके थे, इसलिए वह जानते थे कि अभिनेत्री असल जिंदगी में काफी ‘क्रेजी’ और ‘वाइल्ड’ हो सकती हैं, जबकि बाहर से वह ‘गुड गर्ल इमेज’ पेश कर रही थीं. इसी दौरान उन्होंने ‘ढोंग’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया.
सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा
इम्तियाज अली के बयान के वायरल होते ही दीपिका पादुकोण के फैंस ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की. कई यूजर्स ने कहा कि किसी अभिनेत्री की सार्वजनिक छवि को ‘ढोंग’ कहना गलत है. वहीं कुछ लोगों ने निर्देशक पर निजी बातें सार्वजनिक करने का आरोप भी लगाया.
विवाद बढ़ने के बाद इम्तियाज अली को सफाई देनी पड़ी.
दीपिका पादुकोण के नाम इम्तियाज अली की लंबी पोस्ट
सोमवार 25 मई को इम्तियाज अली ने सोशल मीडिया पर एक न्यूज आर्टिकल का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसकी हेडलाइन थी – “इम्तियाज अली की दीपिका पादुकोण पर टिप्पणियों से ऑनलाइन विवाद.”
इसके साथ उन्होंने दीपिका के नाम एक भावुक पोस्ट लिखी. उन्होंने लिखा कि दीपिका उनकी करीबी दोस्त हैं और वह कभी भी उन्हें आहत करने के बारे में सोच भी नहीं सकते.
इम्तियाज ने अपनी पोस्ट में लिखा कि दीपिका उनके लिए “दोस्त, साथी और ह्यूमर के लिए सुरक्षित पसंद” हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि दीपिका उनके मजाकिया अंदाज को गलत नहीं समझेंगी, क्योंकि वह जानती हैं कि निर्देशक उनके लिए कितनी इज्जत और प्यार रखते हैं.
उन्होंने आगे लिखा कि उन्हें बताया गया कि दीपिका शायद उनके बयान से दुखी हो सकती हैं, इसलिए उन्होंने सार्वजनिक रूप से सफाई देना जरूरी समझा. इम्तियाज ने कहा कि वह ऐसा कोई काम नहीं कर सकते जिससे दीपिका को ठेस पहुंचे.
‘डिस्क्लेमर नहीं देना चाहता था, लेकिन रिस्क नहीं लिया’
अपनी पोस्ट में इम्तियाज अली ने यह भी कहा कि वह ऐसा “डिस्क्लेमर” लिखना नहीं चाहते थे, लेकिन समय बदल चुका है और वह कोई जोखिम नहीं लेना चाहते थे. उन्होंने पोस्ट के अंत में दीपिका को शुभकामनाएं और प्यार भेजा.
इम्तियाज अली और दीपिका की सुपरहिट जोड़ी
इम्तियाज अली और दीपिका पादुकोण ने साथ में दो चर्चित फिल्मों में काम किया है.
लव आज कल
साल 2009 में रिलीज हुई लव आज कल में दीपिका पादुकोण और सैफ अलीखान की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था. फिल्म में दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर भी अहम भूमिका में नजर आए थे.
तमाशा
इसके बाद दोनों ने 2015 की फिल्म तमाशा में फिर साथ काम किया. इस फिल्म में भी मुख्य भूमिका में रणवीर कपूर थे. ‘तमाशा’ आज भी युवाओं के बीच एक कल्ट फिल्म मानी जाती है.
इम्तियाज अली की अगली फिल्म
इम्तियाज अली अब अपनी नई फिल्म मै वापस आऊंगा की रिलीज की तैयारी में हैं. इस पीरियड ड्रामा फिल्म में दिलजीत दोसांज, शरवरी वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह नजर आएंगे. फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।