Advertisment
विदेश

चीन-पाकिस्तान रिश्तों पर फिर दिखी मजबूती, शी जिनपिंग बोले- हर हाल में साथ रहेगा चीन

NTN REPORT// बीजिंग में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के बीच अहम बैठक हुई, जिसमें दोनों देशों ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया. बैठक के दौरान चीन ने एक बार फिर पाकिस्तान को अपना “ऑल-वेदर पार्टनर” बताते हुए हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।

फाइल फोटो

ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में हुई अहम बैठक

यह मुलाकात ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में हुई, जहां पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर भी मौजूद रहे. बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक, सुरक्षा और कूटनीतिक सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

शी जिनपिंग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात चाहे जैसे भी बदलें, चीन हमेशा अपनी विदेश नीति में पाकिस्तान के साथ रिश्तों को प्राथमिकता देता रहेगा. उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान की दोस्ती समय की हर कसौटी पर खरी उतरी है और दोनों देश साझा भविष्य के निर्माण के लिए मिलकर काम करना चाहते हैं.

‘आयरन ब्रदर’ बोले शहबाज शरीफ

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी चीन-पाकिस्तान संबंधों की खुलकर तारीफ की. उन्होंने दोनों देशों को “आयरन ब्रदर” बताते हुए कहा कि दुनिया में ऐसा रिश्ता किसी और देश के बीच देखने को नहीं मिलता. शरीफ ने कहा कि चीन ने हर मुश्किल वक्त में पाकिस्तान का साथ दिया है और दोनों देशों के बीच भरोसा लगातार मजबूत हुआ है.

चीन क्यों मानता है पाकिस्तान को ‘ऑल-वेदर पार्टनर’

चीन दुनिया के बेहद कम देशों को “ऑल-वेदर पार्टनर” का दर्जा देता है और पाकिस्तान उनमें प्रमुख है. दोनों देशों के बीच लंबे समय से आर्थिक, व्यापारिक और रक्षा सहयोग गहरा रहा है. चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (CPEC) भी दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी का बड़ा आधार माना जाता है.

हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान में चीनी नागरिकों और चीनी परियोजनाओं पर हुए आतंकी हमलों ने बीजिंग की चिंता बढ़ाई है. इसके अलावा पाकिस्तान और अमेरिका के बीच बढ़ती कूटनीतिक सक्रियता को भी चीन करीबी नजर से देख रहा है.

ईरान-अमेरिका शांति प्रयासों पर भी हुई चर्चा

बैठक के दौरान ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव और शांति प्रयासों पर भी चर्चा हुई. हाल ही में ईरान दौरे से लौटे शहबाज शरीफ की कोशिशों की तारीफ करते हुए शी जिनपिंग ने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्रीय शांति स्थापित करने में सकारात्मक भूमिका निभा रहा है.

चीन ने पाकिस्तान की मध्यस्थता कोशिशों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखना बेहद जरूरी है. चीन और ईरान के करीबी संबंधों को देखते हुए पाकिस्तान की भूमिका को अहम माना जा रहा है.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शांति बनाए रखने पर जोर

इससे पहले मार्च में चीन और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों के बीच बीजिंग में हुई बैठक में पांच सूत्रीय पहल जारी की गई थी. दोनों देशों ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में शांति और सामान्य समुद्री आवाजाही बनाए रखने की अपील की थी.

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच चीन, पाकिस्तान और ईरान के बीच बढ़ती रणनीतिक समझ आने वाले समय में क्षेत्रीय राजनीति को नया आकार दे सकती है.

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!