कॉकरोच जनता पार्टी पर उठे सवाल, AAP कनेक्शन को लेकर छिड़ी बहस!
NTN REPORT// पिछले छह दिनों से सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” यानी CJP लगातार चर्चा में बनी हुई है. मीम्स, राजनीतिक व्यंग्य और डिजिटल कैंपेन के जरिए शुरू हुआ यह अभियान तेजी से युवाओं और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच लोकप्रिय हो गया. इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स के मामले में इस अभियान ने कुछ ही दिनों में भाजपा और कांग्रेस जैसी बड़ी राजनीतिक पार्टियों को भी पीछे छोड़ दिया।

बॉस्टन से शुरू हुआ डिजिटल अभियान
कॉकरोच जनता पार्टी कोई आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक डिजिटल और व्यंग्यात्मक अभियान है, जिसे बॉस्टन में रहने वाले अभिजित दीपके ने शुरू किया है. सोशल मीडिया पर यह अभियान भ्रष्टाचार, सत्ता राजनीति और मौजूदा राजनीतिक माहौल पर कटाक्ष करते हुए तेजी से वायरल हुआ.
मीम्स और व्यंग्यात्मक पोस्ट के जरिए अभियान ने लाखों लोगों का ध्यान खींचा. लेकिन लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही इसकी राजनीतिक स्वतंत्रता को लेकर विवाद भी शुरू हो गया.
AAP कनेक्शन को लेकर उठे सवाल
विवाद की सबसे बड़ी वजह अभिजित दीपके का पुराना राजनीतिक जुड़ाव माना जा रहा है. जानकारी सामने आई कि दीपके पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं और पार्टी की सोशल मीडिया तथा चुनावी कैंपेन टीम का हिस्सा रह चुके हैं.
यही कारण है कि सोशल मीडिया पर कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या कॉकरोच जनता पार्टी वास्तव में एक स्वतंत्र अभियान है या फिर पर्दे के पीछे से AAP से जुड़ा कोई राजनीतिक प्रयोग.
हालांकि, अभिजित दीपके ने एक समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि वह वर्ष 2020 से 2023 तक AAP के साथ जुड़े हुए थे.
पूर्व नौकरशाह आशीष जोशी ने जताई नाराजगी
पूर्व नौकरशाह आशीष जोशी उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने शुरुआती दौर में इस अभियान का समर्थन किया था. लेकिन बाद में जब अभिजित दीपके के राजनीतिक संबंधों की जानकारी सामने आने लगी तो उन्होंने सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए.
आशीष जोशी ने सोशल मीडिया पर पूछा कि क्या यह अभियान पूरी तरह स्वतंत्र है या इसका संबंध AAP से है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका किसी राजनीतिक दल की ओर झुकाव नहीं है और वह किसी पार्टी के राजनीतिक प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बनना चाहते.
जब उन्हें इस मामले में स्पष्ट जवाब नहीं मिला तो उन्होंने सार्वजनिक रूप से कॉकरोच जनता पार्टी से खुद को अलग करने की घोषणा कर दी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान में क्षमता और प्रभाव जरूर है, लेकिन राजनीतिक स्वतंत्रता पर सवाल होने की वजह से वह इससे दूरी बना रहे हैं.
मनीष सिसोदिया के बयान से बढ़ी चर्चा
AAP कनेक्शन की चर्चा उस समय और तेज हो गई जब वरिष्ठ AAP नेता मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया पर CJP के समर्थन में एक वीडियो पोस्ट किया.
उन्होंने कहा कि अगर “मगरमच्छ और कॉकरोच” के बीच लड़ाई होगी तो वह कॉकरोच पार्टी के साथ खड़े होंगे. इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने अभिजित दीपके की पुरानी पोस्ट भी शेयर करनी शुरू कर दी, जिसमें उन्होंने बॉस्टन जाने से पहले मनीष सिसोदिया को धन्यवाद कहा था.
इन घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी और AAP के संभावित संबंधों को लेकर बहस और तेज हो गई है.
सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ा प्रभाव
कॉकरोच जनता पार्टी ने बेहद कम समय में डिजिटल स्पेस में अपनी अलग पहचान बना ली है. राजनीतिक व्यंग्य, एंटी-एस्टैब्लिशमेंट संदेश और वायरल कंटेंट की वजह से यह अभियान युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ.
हालांकि, अब इसकी निष्पक्षता और राजनीतिक स्वतंत्रता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. आने वाले दिनों में यह अभियान केवल सोशल मीडिया ट्रेंड बनकर रह जाता है या किसी बड़े राजनीतिक नैरेटिव का हिस्सा बनता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.
डिस्क्लेमर: यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।