NTN REPORT// सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों एक इंस्टाग्राम हैंडल तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है. ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का यह अकाउंट बेहद कम समय में करोड़ों यूजर्स तक पहुंच गया है और इसकी ग्रोथ ने सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स को भी हैरान कर दिया है. दावा किया जा रहा है कि इस हैंडल ने कुछ ही दिनों में बीजेपी और कांग्रेस जैसे बड़े राजनीतिक संगठनों के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स को पीछे छोड़ दिया।

5 दिन से कम समय में करोड़ों फॉलोअर्स
उपलब्ध सोशल मीडिया ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अकाउंट ने 5 दिन से भी कम समय में लगभग 16 मिलियन यानी 1.6 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हासिल कर लिए. बताया जा रहा है कि शुरुआती 3 से 4 घंटों में ही इस अकाउंट ने करीब 25 से 30 लाख फॉलोअर्स जोड़ लिए थे.
इस हिसाब से शुरुआती दौर में अकाउंट हर घंटे लगभग 6 से 8 लाख नए फॉलोअर्स हासिल कर रहा था, जिसे इंस्टाग्राम इतिहास की सबसे तेज ग्रोथ में से एक माना जा रहा है. इसके बाद भी इसकी रफ्तार कम नहीं हुई और अगले 48 से 72 घंटों में फॉलोअर्स की संख्या 70 से 90 लाख तक पहुंच गई.
एक दिन में 60 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बढ़े
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक दिन पहले सुबह करीब 9:30 बजे इस अकाउंट के लगभग 10.5 मिलियन फॉलोअर्स थे, जबकि रात 9 बजे तक यह आंकड़ा 16.8 मिलियन तक पहुंच गया. यानी केवल कुछ घंटों में ही करीब 60 लाख से ज्यादा नए फॉलोअर्स जुड़ गए.
सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स का मानना है कि इतनी तेज ग्रोथ सामान्य नहीं मानी जाती और यह किसी बड़े इंटरनेट ट्रेंड या वायरल कंटेंट की ओर इशारा करती है.
युवाओं को पसंद आ रहा राजनीतिक व्यंग्य और मीम कंटेंट
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की लोकप्रियता के पीछे उसके कंटेंट को बड़ा कारण माना जा रहा है. इस हैंडल पर राजनीतिक व्यंग्य, मीम कल्चर और सिस्टम पर तंज वाले वीडियो और पोस्ट शेयर किए जाते हैं, जो युवाओं के बीच तेजी से वायरल हो रहे हैं.
सोशल मीडिया एल्गोरिदम ऐसे कंटेंट को ज्यादा प्रमोट करता है, जिसे यूजर्स बार-बार शेयर करें, कमेंट करें और उस पर लंबे समय तक एंगेज रहें. यही वजह है कि यह अकाउंट लाखों से करोड़ों यूजर्स तक बहुत तेजी से पहुंचता दिखाई दिया.
इंस्टाग्राम पर वायरल कैसे होते हैं अकाउंट?
डिजिटल एक्सपर्ट्स के अनुसार, इंस्टाग्राम पर वही कंटेंट सबसे तेजी से वायरल होता है जिससे लोग खुद को जोड़ पाते हैं और जिसे वे अपने दोस्तों के साथ शेयर करना पसंद करते हैं. मीम, राजनीतिक व्यंग्य और ट्रेंडिंग मुद्दों से जुड़ा कंटेंट अक्सर कम समय में बड़ी ऑडियंस तक पहुंच जाता है.
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने भी इसी फॉर्मूले पर काम किया और यूथ-सेंट्रिक कंटेंट के जरिए तेजी से लोकप्रियता हासिल की.
पहले भी कई सेलिब्रिटीज बना चुके हैं रिकॉर्ड
इंस्टाग्राम पर सबसे तेज ग्रोथ का रिकॉर्ड अब तक बड़े सेलिब्रिटीज और हाई-प्रोफाइल अकाउंट्स के नाम रहा है.
हॉलीवुड अभिनेत्री ने जेनिफर एनिस्टन इंस्टाग्राम जॉइन करने के बाद केवल 5 घंटे 16 मिनट में 10 लाख फॉलोअर्स हासिल कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
इसी तरह प्रिंस हैरी और मेघन मार्कले के ‘Sussex Royal’ अकाउंट ने भी लॉन्च के कुछ घंटों में लाखों फॉलोअर्स जोड़ लिए थे.
इसके अलावा BTS,mrbeast और क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसे बड़े नाम भी इंस्टाग्राम पर तेज ग्रोथ के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता पहले से स्थापित थी.
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का मामला क्यों अलग?
विशेषज्ञों के मुताबिक, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का केस इसलिए अलग माना जा रहा है क्योंकि यह कोई बड़ा सेलिब्रिटी ब्रांड, फिल्म प्रमोशन या इंटरनेशनल इवेंट से जुड़ा अकाउंट नहीं है.
इसके बावजूद इसकी ग्रोथ कई बड़े ग्लोबल अकाउंट्स को टक्कर देती दिखाई दे रही है. इसकी लोकप्रियता पूरी तरह इंटरनेट ट्रेंड, वायरल मीम्स और यूजर एंगेजमेंट पर आधारित बताई जा रही है.
फॉलोअर्स के साथ एंगेजमेंट भी जबरदस्त
इस अकाउंट की सबसे बड़ी खासियत इसका एंगेजमेंट रेट भी माना जा रहा है. पोस्ट पर लाखों लाइक्स, हजारों कमेंट्स और बड़े स्तर पर शेयरिंग देखने को मिल रही है.
वीडियो पर करोड़ों व्यूज़ और भारी संख्या में रीपोस्ट यह संकेत देते हैं कि केवल फॉलोअर्स की संख्या ही नहीं बढ़ रही, बल्कि यूजर्स कंटेंट के साथ सक्रिय रूप से जुड़ भी रहे हैं. यही वजह है कि इंस्टाग्राम का एल्गोरिदम भी इस अकाउंट को तेजी से प्रमोट कर रहा है.
क्या फॉलोअर्स असली हैं?
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स यह सवाल भी उठा रहे हैं कि इतने कम समय में आए फॉलोअर्स असली हैं या नहीं. हालांकि पहली नजर में इन प्रोफाइल्स पर प्रोफाइल फोटो, बायो और पोस्ट मौजूद दिखाई देते हैं, जिससे वे सामान्य यूजर्स जैसे लगते हैं.
इसके अलावा अलग-अलग देशों और शहरों से जुड़े अकाउंट्स भी फॉलोअर्स लिस्ट में दिखाई दे रहे हैं. पोस्ट पर भारी एंगेजमेंट भी इस बात की ओर इशारा करता है कि बड़ी संख्या में वास्तविक यूजर्स कंटेंट से जुड़ रहे हैं.
हालांकि, इस संबंध में इंस्टाग्राम की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है.
आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं, लेकिन चर्चा में जरूर
यह भी ध्यान देने वाली बात है कि इंस्टाग्राम की ओर से सबसे तेजी से बढ़ने वाले अकाउंट्स का कोई आधिकारिक वर्ल्ड रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं किया जाता. इसलिए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को आधिकारिक तौर पर सबसे तेज ग्रोथ वाला अकाउंट कहना अभी जल्दबाजी होगी.
फिर भी मौजूदा आंकड़ों और वायरल ट्रेंड को देखते हुए यह जरूर कहा जा सकता है कि यह हैंडल सोशल मीडिया इतिहास के सबसे तेजी से उभरने वाले इंस्टाग्राम अकाउंट्स में शामिल हो चुका है.
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।