Advertisment
राज्य/शहर

ग्रेटर नोएडा दीपिका नागर मौत मामला: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई गंभीर चोटों और अंदरूनी रक्तस्राव का खुलासा

NTN REPORT// ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में 25 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद केस ने नया और गंभीर मोड़ ले लिया है। रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही मस्तिष्क में खून का थक्का, तिल्ली फटने और शरीर के विभिन्न हिस्सों में भारी रक्तस्राव मिलने की बात भी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विसरा को सुरक्षित रखकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

मृतिका दीपिका नागर, फाइल फोटो

शरीर पर मिले कई गंभीर चोटों के निशान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दीपिका के शरीर पर कई गंभीर बाहरी चोटें पाई गईं। दाहिने चेहरे पर लगभग 12 सेमी × 9 सेमी की सूजन और नील के निशान मिले। बाएं कोहनी जोड़ पर 9 सेमी × 6 सेमी की चोट दर्ज की गई, जबकि बाएं हाथ के फोरआर्म पर करीब 8 सेमी × 5 सेमी का गहरा चोट का निशान पाया गया।

इसके अलावा दाहिनी जांघ पर लगभग 38 सेमी × 14 सेमी का बड़ा नीला दबाव चिन्ह मिला, जिसे गंभीर मारपीट या भारी दबाव का संकेत माना जा रहा है।

घुटने, कमर और पेट के हिस्से में भी चोटें

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि बाएं घुटने के जोड़ पर 4 सेमी × 1.5 सेमी का हड्डी तक गहरा घाव था। कमर और पेट के निचले हिस्से में भी चोटों के निशान पाए गए।

दाहिने इलियक क्रेस्ट के ऊपर लगभग 25 सेमी × 22 सेमी का गोलाकार कंट्यूजन मिला। दाहिने हाथ के चारों ओर गोलाकार चोट के निशान पाए गए, जबकि बाएं कान से रक्तस्राव भी दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम में चेस्ट और पेट के बाईं ओर गहरे दबाव और घर्षण के निशान भी दर्ज किए गए हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

मस्तिष्क में खून का थक्का और तिल्ली फटने का खुलासा

आंतरिक जांच में सबसे बड़ा खुलासा मस्तिष्क में हेमेटोमा यानी खून का थक्का मिलने का हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक मस्तिष्क के मध्य और बाईं ओर रक्त का थक्का जमा हुआ था।

इसके अलावा तिल्ली फटी हुई पाई गई, जिसे किसी भारी चोट या तेज प्रहार का संकेत माना जा रहा है। बाईं किडनी पीली अवस्था में मिली, जबकि हृदय के चैम्बर खाली पाए गए। शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी रक्तस्राव की पुष्टि भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में की गई है।

विसरा जांच से खुलेगा मौत का पूरा राज

पोस्टमार्टम टीम ने विसरा सुरक्षित कर उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। विशेषज्ञ अब यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि मृतका के शरीर में किसी प्रकार का जहरीला पदार्थ मौजूद था या नहीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां अब मौत के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल में जुटी हुई हैं।

दहेज प्रताड़ना का आरोप, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

बताया जा रहा है कि ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव निवासी दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर दीपिका ने छत से कूदकर जान दे दी। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले को लेकर कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!