Advertisment
अपराधराज्य/शहर

भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा मौत मामला: व्हाट्सएप चैट से बढ़ा विवाद, ससुराल पर गंभीर आरोप

मौत के बाद लगातार गहराता जा रहा मामला

NTN REPORT// भोपाल में रिटायर्ड जज के परिवार से जुड़ी ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। 12 मई 2026 को ट्विशा अपने ससुराल के घर में छत के सरिये से फांसी पर लटकी मिली थी। मामले में ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। बढ़ते विवाद और नए खुलासों के बीच पुलिस ने जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है।

फाइल फोटो

मां के साथ आखिरी व्हाट्सएप चैट आई सामने

मामले में अब ट्विशा और उसकी मां के बीच हुई आखिरी व्हाट्सएप चैट सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है। चैट में ट्विशा खुद को बेहद परेशान बताते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाती नजर आ रही है।

ट्विशा ने अपनी मां को भेजे संदेश में लिखा था कि वह मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रही है। उसने लिखा, “बहुत परेशान हूं… ये लोग बहुत घटिया हैं। शक करते हैं। समर्थ पूछता है कि मेरे पेट में किसका बच्चा है।”

चैट के अनुसार ट्विशा ने अपनी मां से उसे वहां से ले जाने की गुहार लगाई थी। उसने लिखा, “मुझे यहां से आकर ले जाओ, ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे।”

एक अन्य संदेश में ट्विशा ने अपना जीवन “नरक” बताते हुए कहा कि उसके पति समर्थ सिंह उससे ठीक से बात तक नहीं करते थे और पूरा परिवार उसके प्रति बेहद निर्दयी व्यवहार कर रहा था।

इंस्टाग्राम चैट में भी जताई थी परेशानी

इससे पहले ट्विशा और उसकी दोस्त मीनाक्षी के बीच इंस्टाग्राम चैट भी सामने आई थी। उस चैट में ट्विशा ने लिखा था, “मैं फंस गई हूं, तू मत फंसना… ज्यादा बात नहीं कर पाऊंगी।”

इन चैट्स के सामने आने के बाद मृतका के परिवार ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना और हत्या के आरोपों को और गंभीरता से उठाया है।

दोबारा पोस्टमार्टम की मांग करेगा परिवार

ट्विशा के माता-पिता अब दोबारा पोस्टमार्टम की मांग करने की तैयारी में हैं। परिवार का आरोप है कि ट्विशा के गले में मिली बेल्ट का ठीक से निरीक्षण किए बिना ही पोस्टमार्टम कर दिया गया था।

परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मेडिकल प्रक्रिया दोबारा कराई जानी चाहिए, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

सास गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत

मामले में आरोपित ट्विशा की सास और सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। जमानत आवेदन में उन्होंने कई चौंकाने वाले दावे किए हैं।

गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में कहा कि ट्विशा परिवार में एडजस्ट नहीं हो पा रही थी और वह ड्रग्स लेती थी। उन्होंने दावा किया कि ड्रग्स न मिलने पर ट्विशा के हाथ कांपने लगते थे और उसके व्यवहार में चिड़चिड़ापन दिखाई देता था।

“ट्विशा फिल्म और मॉडलिंग इंडस्ट्री से जुड़ी थी”

जमानती आवेदन में गिरिबाला सिंह ने कहा कि ट्विशा शादी से पहले फिल्म अभिनेत्री और मॉडल के रूप में काम कर चुकी थी। उन्होंने दावा किया कि ट्विशा ने तेलुगु और अन्य भाषाओं की फिल्मों के साथ विज्ञापनों में भी काम किया था।

फाइल फोटो

उनके मुताबिक शादी के समय ट्विशा दिल्ली की एक निजी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम कर रही थी। परिवार को उसके व्यवहार से संदेह हुआ कि वह ड्रग्स का सेवन करती है।

गिरिबाला सिंह ने यह भी दावा किया कि ट्विशा के पिता ने स्वयं इस बात की पुष्टि की थी।

शादी के बाद कई बार मायके जाने का दावा

सास पक्ष के अनुसार 9 दिसंबर 2025 को शादी होने के बाद से 12 मई 2026 तक ट्विशा पांच बार ससुराल छोड़कर मायके और अन्य स्थानों पर गई थी।

आवेदन में कहा गया कि 17 अप्रैल 2026 को ट्विशा को पहली बार अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी मिली थी। उसी दिन वह पति समर्थ सिंह के साथ अस्पताल गई थी।

गिरिबाला सिंह का आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद ट्विशा ने अपना सामान पैक किया और नोएडा जाने की बात कहकर घर छोड़ दिया। वह 18 अप्रैल को विमान से दिल्ली पहुंची, लेकिन सीधे घर नहीं गई और देरी का कारण भी स्पष्ट नहीं किया।

फरार पति समर्थ सिंह की तलाश जारी

मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। SIT अब व्हाट्सएप चैट, इंस्टाग्राम संदेश, कॉल रिकॉर्ड और मेडिकल रिपोर्ट सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी व्यापक चर्चा जारी है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

डिस्क्लेमर: यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!