Advertisment
अपराधछत्तीसगढ़

अधिवक्ता आराधना सिदार हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी निकला कातिल

शादी का दबाव बनने पर रची हत्या की साजिश, सीसीटीवी और बाइक नंबर से आरोपी तक पहुंची पुलिस

NTN REPORT// रायगढ़, 16 मई 2026। रायगढ़ पुलिस ने कटेल टिकरा जंगल में मिले महिला के शव मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने अधिवक्ता आराधना सिदार की हत्या के आरोप में उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले का खुलासा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।

कटेल टिकरा जंगल में मिला था महिला का शव

जानकारी के अनुसार, 12 मई को थाना पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में शासकीय भूमि पर एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची।महिला का शव नग्न अवस्था में मिला था। ग्राम कोटवार अयोध्या प्रसाद माझी ने जंगल में लकड़ी लेने के दौरान शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 108/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

गुमशुदगी रिपोर्ट से मिला महत्वपूर्ण सुराग

जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से पुलिस को अहम सुराग मिला। घटनास्थल से बरामद कपड़े, सैंडल और फोटोग्राफ्स मृतिका के परिजनों को दिखाए गए, जिससे महिला की पहचान आराधना सिदार (31 वर्ष), निवासी ग्राम केकराझरिया, लैलूंगा के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मोटरसाइकिल पर मृतिका को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल को हिरासत में लिया।

दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध

पूछताछ में आरोपी लोकनाथ पटेल ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका मृतिका के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। वह पहले से विवाहित था, जबकि आराधना लगातार शादी का दबाव बना रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची।

आरोपी ने बताया कि 9 मई की रात उसने आराधना से बातचीत कर अगले दिन मिलने की योजना बनाई थी। 10 मई को वह बाइक से उसे अपने साथ सक्ती और दमाऊधारा मंदिर लेकर गया। शाम को दोनों सक्ती स्थित एक लॉज में रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया।

सुनसान जंगल में ले जाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, अगले दिन आरोपी आराधना को बाइक से सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया। वहां उसने पहले गला दबाकर उसे बेहोश किया और फिर पत्थर तथा धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने घटनास्थल से खून के निशान मिटाने और अन्य साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया।

शक से बचने के लिए आरोपी ने मृतिका के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर उसकी बहन और सहेलियों से महिला की आवाज निकालकर बातचीत भी की, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।

मोबाइल और कपड़े समेत कई साक्ष्य जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का उपयोग किया जा रहा मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जांच टीम की भूमिका रही अहम

प्रकरण का खुलासा एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में किया गया। मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी

लोकनाथ पटेल, पिता रामप्रसाद पटेल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम चारपारा, थाना सक्ती, जिला सक्ती, छत्तीसगढ़।

एसएसपी का बयान

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की तह तक जाकर वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपियों तक पहुंच रही है। कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!