“पहले चरण से ही TMC की हार तय, अब दूसरे चरण में जीत का परचम लहराना है” — पानिहाटी रैली में पीएम मोदी का हमला
NTN NEWS REPORT// पानिहाटी/पश्चिम बंगाल, 25 अप्रैल 2026। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद अब दूसरे चरण को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पानिहाटी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जोरदार प्रचार किया और पर तीखा हमला बोला।

रत्ना देबनाथ को उम्मीदवार बनाकर BJP का बड़ा दांव
भारतीय जनता पार्टी ने आरजी कर रेप पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को पानिहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया है। रैली में वे पीएम के साथ मंच पर मौजूद रहीं। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि
“जिस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाया, उसे टीएमसी के महाजंगलराज ने छीन लिया। बीजेपी ने उस मां को न्याय दिलाने के लिए चुनावी मैदान में उतारा है।”
“पहले चरण से ही BJP की जीत का शंखनाद”
पीएम मोदी ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद ही साफ संकेत मिल गए हैं कि राज्य में सत्ता परिवर्तन तय है।
उन्होंने कहा—
“पहले चरण से बीजेपी की जीत का शंखनाद हो चुका है, अब दूसरे चरण में विजय का ध्वज फहराना है। अपनी हार देखकर टीएमसी बौखला गई है।”
TMC पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला
नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और टीएमसी के गुंडों को संरक्षण मिल रहा है।
उन्होंने कहा—
“टीएमसी का दीया बुझने से पहले फड़फड़ा रहा है। उनके गुंडों को अब छिपने की जगह नहीं मिलेगी, कोई उन्हें बचा नहीं पाएगा।”
महिलाओं की सुरक्षा को बनाया बड़ा मुद्दा
रैली में पीएम मोदी ने महिलाओं की सुरक्षा को प्रमुख चुनावी मुद्दा बताते हुए कहा कि राज्य की सरकार बेटियों की सुरक्षा करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा—
“जब बंगाल की बेटियां न्याय मांगती हैं, तो सरकार उन्हें घर से बाहर न निकलने की सलाह देती है। बीजेपी बेटियों के सपनों को कुचलने नहीं देगी।”
उन्होंने यह भी बताया कि रैली में एक महिला ने उन्हें राखी भेंट की, जिस पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहनों की सुरक्षा बीजेपी की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
“सरकार बनने पर हर अत्याचार की फाइल खुलेगी”
पीएम मोदी ने कहा कि यदि राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है तो महिलाओं पर हुए हर अत्याचार की जांच की जाएगी।
“4 मई के बाद बीजेपी सरकार बनते ही हर अन्याय और अत्याचार की फाइल खोली जाएगी — यह मोदी की गारंटी है।”
चुनाव कार्यक्रम
- पहला चरण: 23 अप्रैल — 152 सीटों पर मतदान
- दूसरा चरण: 29 अप्रैल — 142 सीटों पर मतदान
- मतगणना: 4 मई
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है और प्रचार अपने चरम पर पहुंच चुका है।