
महिला आरक्षण विधेयक पर सियासत तेज: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर साधा निशाना, 33% आरक्षण में बाधा डालने का आरोप
NTN NEWS REPORT// रायपुर, 19 अप्रैल 2026। महिला आरक्षण से जुड़े ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित नहीं हो पाने के बाद सियासत तेज हो गई है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लाया गया ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ देश की माताओं-बहनों को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम था। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति के चलते कांग्रेस ने इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित होने से रोककर देश की महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है।
प्रेस वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की लगभग 70 करोड़ महिलाओं को नेतृत्व का अवसर देने वाला यह विधेयक विपक्षी दलों की राजनीति की भेंट चढ़ गया।
साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर महिला आरक्षण की राह में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए इसे “महापाप” बताया। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को उनके अधिकार से वंचित करने की कोशिश करने वालों को जनता आगामी समय में करारा जवाब देगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की नारीशक्ति इस मुद्दे को लेकर जागरूक है और आने वाले चुनावों में महिला विरोधी मानसिकता रखने वाले दलों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महिला आरक्षण का मुद्दा आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति का प्रमुख केंद्र बन सकता है, जिस पर सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं।