डेब्यू में इतिहास: प्रफुल हिंज ने पहले ही ओवर में झटके 3 विकेट, IPL में बना अनोखा रिकॉर्ड
NTN NEWS REPORT// हैदराबाद: इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के युवा तेज गेंदबाज प्रफुल हिंज ने अपने डेब्यू मैच में ही ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में हिंज ने अपने पहले ही ओवर में 3 विकेट झटककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और इतिहास रच दिया।

पहले ओवर में मचा दिया कोहराम
24 वर्षीय प्रफुल हिंज को कप्तान ईशान ने डेब्यू मैच में ही नई गेंद थमाई। हिंज ने भरोसे पर खरा उतरते हुए अपने पहले ही ओवर में राजस्थान के टॉप ऑर्डर को धराशायी कर दिया।
- दूसरी गेंद: वैभव सूर्यवंशी को गोल्डन डक पर आउट
- चौथी गेंद: ध्रुव जुरेल को बोल्ड
- छठी गेंद: प्रोटेरियस को कैच आउट
सिर्फ 6 गेंदों में राजस्थान रॉयल्स के तीन प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट गए और टीम गहरे दबाव में आ गई। यह ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
IPL इतिहास में पहली बार
आईपीएल इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी गेंदबाज ने पारी के पहले ही ओवर में 3 विकेट झटके हैं। इससे पहले आईपीएल में 32 बार पहले ओवर में 2 विकेट गिरने का रिकॉर्ड दर्ज था, लेकिन 3 विकेट लेने का कारनामा कभी नहीं हुआ था। प्रफुल हिंज ने अपने डेब्यू मैच में ही यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली।
30 लाख में खरीदे गए थे प्रफुल
प्रफुल हिंज को SRH ने ऑक्शन में उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा था। वह मीडियम-फास्ट गेंदबाज हैं और अपनी विविधता (variation) के लिए जाने जाते हैं। नागपुर के रहने वाले हिंज घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं।
उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर SRH के अलावा मुंबई और गुजरात टाइटन्स ने भी उन्हें ट्रायल के लिए बुलाया था। अंततः हैदराबाद फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा जताया और स्क्वॉड में शामिल किया।
MRF पेस फाउंडेशन से निखरा खेल
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रफुल 2022 से चेन्नई स्थित MRF पेस फाउंडेशन से जुड़े हैं। वर्ष 2024 में वह ब्रिस्बेन भी गए, जहां उन्होंने जोश हेजलवुड और रिचर्डसन जैसे तेज गेंदबाजों के साथ अभ्यास किया। इस अंतरराष्ट्रीय अनुभव ने उनके खेल को और धार दी।
कप्तान का भरोसा बना ताकत
डेब्यू मैच में ही पहला ओवर देना किसी भी युवा गेंदबाज के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है। लेकिन प्रफुल हिंज ने न सिर्फ दबाव को संभाला, बल्कि उसे अपनी ताकत बना लिया। उनके इस प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि हैदराबाद को भविष्य का एक भरोसेमंद तेज गेंदबाज मिल गया है।