
वार्ड 4 में मुक्तिधाम निर्माण के लिए 30 लाख की स्वीकृति पार्षद अरमान खान के सतत प्रयासों से मिली बड़ी सफलता, वार्डवासियों में हर्ष
NTN NEWS REPORT// जांजगीर। वार्ड क्रमांक 04, नैला क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्र में लंबे समय से प्रस्तावित मुक्तिधाम निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है। यह स्वीकृति वार्ड पार्षद अरमान खान के निरंतर प्रयासों और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है।
वार्डवासियों को अंतिम संस्कार के लिए उपयुक्त स्थान और आवश्यक सुविधाओं के अभाव में वर्षों से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए पार्षद अरमान खान ने संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। उन्होंने न केवल प्रस्ताव तैयार कराया, बल्कि उसकी स्वीकृति के लिए सतत फॉलोअप भी किया।
पार्षद के सक्रिय प्रयासों के चलते ही इस महत्वपूर्ण जनसुविधा के लिए 30 लाख रुपये की राशि मंजूर हो सकी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पार्षद ने हमेशा जनसमस्याओं को प्राथमिकता दी है और मुक्तिधाम निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया।
स्वीकृत राशि से बनने वाला मुक्तिधाम आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, सुगम और सम्मानजनक ढंग से संपन्न हो सकेगी। वार्डवासियों ने इस उपलब्धि पर पार्षद अरमान खान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है और जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद जताई है।