
27 अप्रैल से श्रीराम कथा का रसवर्षा: जगद्गुरु रामभद्राचार्य शबरी माता के भक्ति प्रसंग पर करेंगे प्रवचन
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। माता शबरी की निष्काम भक्ति पर आधारित श्रीराम कथा का भव्य आयोजन 27 अप्रैल से 5 मई तक राम मिलेंगे आश्रम, तेंदुआधाम (कुरियारी) शिवरीनारायण में किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में पद्मविभूषण एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य श्रीमुख से श्रीराम कथा का वाचन करेंगे।
आयोजन समिति द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में बताया गया कि 27 अप्रैल से प्रारंभ होने वाली यह कथा विशेष रूप से माता शबरी के पावन प्रसंग पर केंद्रित रहेगी। कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम और माता शबरी के अलौकिक संबंधों, भक्ति, समर्पण और अटूट विश्वास की व्याख्या की जाएगी।
आयोजकों ने जानकारी दी कि जगद्गुरु का आगमन 27 अप्रैल को शबरी की कुटिया राम मिलेंगे आश्रम, तेंदुआधाम में होगा। 5 मई तक चलने वाली इस कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश और जीवन मूल्यों से जुड़ी शिक्षाएं प्रदान की जाएंगी।
बताया गया कि स्वामी रामभद्राचार्य के प्रवचनों को सुनने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है। कथा के माध्यम से शबरी माता के त्याग, प्रेम और अटूट श्रद्धा को विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा, जो भक्तों को राम नाम की महिमा और सच्ची भक्ति के मार्ग से परिचित कराएगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का लाभ लेने की अपील की है। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान के रूप में देखा जा रहा है।