
जंगल में ‘रिश्वत राज’ का भंडाफोड़, अचानकमार के रेंजर और डिप्टी रेंजर गिरफ्तार वाहन छुड़ाने के नाम पर 5 लाख की मांग, पहली किस्त लेते ही ACB की दबिश
NTN NEWS REPORT// 26 मार्च 2026। जिला मुंगेली के अचानकमार टाइगर रिजर्व की सुरही रेंज में पदस्थ रेंजर और डिप्टी रेंजर को रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अजीत वैष्णव, निवासी लोर्मी (जिला मुंगेली) ने एंटी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2025 में सुरही रेंज क्षेत्र में आपराधिक कृत्य के आरोप में वन विभाग द्वारा उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी, जिसमें उसे निरुद्ध किया गया और उसका वाहन भी जब्त कर लिया गया था।
माननीय न्यायालय से जमानत मिलने के बाद प्रार्थी की मुलाकात सुरही रेंज के डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव से हुई। आरोप है कि डिप्टी रेंजर ने अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में पेश करने और जब्त वाहन छुड़वाने के एवज में 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने योजना बनाकर कार्रवाई की। आज 26 मार्च 2026 को प्रार्थी से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50,000 रुपये लेते हुए डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद रेंजर पल्लव नायक को भी रिश्वत की राशि लेने में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। ACB की इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।