Advertisment
अपराधछत्तीसगढ़

नगर पालिका के सीएमओ और प्रभारी लेखापाल 53 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई, बिल भुगतान के एवज में मांगी जा रही थी 9% कमीशन

NTN NEWS REPORT// नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के सीएमओ और प्रभारी लेखापाल को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने 53 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्यों के भुगतान के एवज में 9 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही थी।प्रार्थी चन्द्रमणि वर्मा, निवासी आमाखेरवा मनेन्द्रगढ़, जिला एमसीबी ने एंटी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह साईं कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स के नाम से मनेन्द्रगढ़ में फर्म का संचालन करता है। उसके द्वारा नगर पालिका मनेन्द्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 11 में रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य एवं वार्ड क्रमांक 8 में सीसी सड़क निर्माण कार्य कराया गया था।

उक्त कार्यों के एवज में लगभग 5.90 लाख रुपये का भुगतान होना था। आरोप है कि भुगतान जारी करने के लिए नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के सीएमओ मो. इशहाक खान तथा प्रभारी लेखापाल (सहायक राजस्व निरीक्षक) सुशील कुमार द्वारा 9 प्रतिशत कमीशन के रूप में 53 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। पूर्व में कमीशन नहीं देने पर प्रार्थी के आगामी बिलों का भुगतान भी रोक दिया गया था।

प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़वाने की मंशा से एसीबी में शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के दौरान प्रभारी लेखापाल सुशील कुमार द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की राशि ले ली गई थी।

इसके बाद 23 मार्च 2026 को एंटी करप्शन ब्यूरो ने ट्रैप कार्रवाई आयोजित की। कार्रवाई के दौरान सीएमओ मो. इशहाक खान और सुशील कुमार को शेष 33 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!