
केडी: द डेविल के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ पर बढ़ा विवाद, नोरा फतेही ने दी सफाई; बोलीं- बिना अनुमति बनाया गया हिंदी वर्जन
NTN NEWS REPORT// मुंबई। फिल्म केडी: द डेविल के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस गाने में नजर आईं एक्ट्रेस नोरा फतेही सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग का सामना कर रही हैं। अब इस पूरे मामले पर उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए वीडियो जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।

“हिंदी लिरिक्स की जानकारी नहीं थी”
नोरा फतेही ने अपने पोस्ट में कहा कि उन्हें हिंदी वर्जन के आपत्तिजनक बोलों की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि गाने का लिरिकल हिंदी वर्जन उनकी अनुमति के बिना तैयार कर रिलीज किया गया। एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्होंने तीन साल पहले इस गाने को कन्नड़ भाषा में शूट किया था और उस दौरान उन्हें किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी नहीं दी गई थी।
नोरा ने कहा कि सेट पर वह फिल्ममेकर्स पर निर्भर थीं और जब गाने का अनुवाद किया जा रहा था, तब उन्हें कुछ भी अश्लील या अनुचित नहीं लगा। लेकिन बाद में हिंदी में डब कर जिन बोलों के साथ इसे जारी किया गया, उसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी और न ही उनसे कोई अनुमति ली गई।
“डायरेक्टर को पहले ही चेताया था”
एक्ट्रेस ने बताया कि जब उन्हें हिंदी वर्जन सुनाया गया तो उन्होंने तुरंत निर्देशक को चेतावनी दी थी कि इस तरह के बोलों से विवाद खड़ा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इससे उनकी छवि और प्रतिष्ठा पर असर पड़ेगा। नोरा के अनुसार, उन्होंने समय रहते खुद को इस प्रोजेक्ट के प्रमोशन से अलग कर लिया था और गाने को प्रमोट भी नहीं किया।
AI से बनाई गई इमेज का आरोप
नोरा फतेही ने यह भी दावा किया कि अलग-अलग भाषाओं में जारी किए गए पोस्टर्स में दिखाई गई उनकी कुछ तस्वीरें AI-जनरेटेड हैं। इन पोस्टर्स में उन्हें अभिनेता संजय दत्त के साथ दिखाया गया है। एक्ट्रेस का कहना है कि इन इमेजेज के इस्तेमाल की भी उनसे कोई अनुमति नहीं ली गई।
“मैं ऐसी चीज का समर्थन नहीं करती”
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में नोरा ने लिखा कि उन्हें इस बात से नफरत है कि कोई यह सोचे कि वह ऐसी किसी सामग्री का समर्थन करती हैं। उन्होंने कहा कि दर्शकों के दबाव के कारण फिल्ममेकर्स ने गाने को हटाने का फैसला किया है और लोगों से अपील की कि वे इसे शेयर कर अनावश्यक रूप से प्लेटफॉर्म न दें।
“नेपो किड नहीं, खुद के दम पर आगे बढ़ी हूं”
नोरा ने कहा कि वह किसी फिल्मी परिवार से नहीं आतीं और उनके पीछे कोई बड़ी ताकत नहीं है। ऐसे में उन्हें मिलने वाले अवसरों का सम्मान करना पड़ता है। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि कलाकारों के बजाय कंटेंट तैयार करने वाले फिल्ममेकर्स को जवाबदेह ठहराया जाए।
विवाद पर फिल्ममेकर्स की चुप्पी
फिलहाल इस पूरे मामले में फिल्म के निर्माताओं या निर्देशक की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सोशल मीडिया पर जारी बहस के बीच गाने को हटाए जाने की बात सामने आई है। गौरतलब है कि ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर उठे विवाद ने एक बार फिर कंटेंट की जिम्मेदारी और कलाकारों की भूमिका पर बहस छेड़ दी है।