
बिलासपुर रेंज में गौरव का क्षण: सिविल जज बनी स्वाति पैकरा और 5 गोल्ड मेडल विजेता डॉ. संध्या कौशिक का सम्मान
NTN REPORT// बिलासपुर, 24 फरवरी 2026। पुलिस परिवार के लिए मंगलवार का दिन गौरव और खुशी का अवसर बन गया, जब पुलिस महानिरीक्षक ने विशेष शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतलोक साय पैकरा एवं माता मनप्यारी देवी की सुपुत्री स्वाति पैकरा के प्रथम प्रयास में सिविल जज परीक्षा उत्तीर्ण करने पर उन्हें कार्यालय में सम्मानित किया।
स्वाति पैकरा बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने से बीए एलएलबी की पढ़ाई पूरी की और पहले ही प्रयास में सिविल जज परीक्षा में सफलता प्राप्त कर पुलिस परिवार का नाम रोशन किया। चयन के उपरांत स्वाति अपने पिता और जोनल पुलिस अधीक्षक के साथ आईजी कार्यालय पहुंचीं, जहां दीपमाला कश्यप ने आईजी को स्वाति की सफलता की जानकारी दी।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने स्वाति को पुष्पगुच्छ एवं स्मरणिका भेंट कर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जीवन में अनेक कठिन परिस्थितियां आएंगी, लेकिन ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कर्तव्यपथ पर अडिग रहना ही सच्ची सफलता है। बेटी का सम्मान होते देख उनके पिता भावुक और हर्षित नजर आए।
आईजी ने कहा कि पुलिस की कठिन ड्यूटी के बावजूद पुलिस परिवार के बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर रहे हैं, जो पूरे विभाग के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस परिवार के बच्चों की शिक्षा और करियर के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
5 गोल्ड मेडल से सम्मानित डॉ. संध्या कौशिक को भी मिली बधाई
इसी अवसर पर प्रधान आरक्षक (चालक) उमाकांत कौशिक एवं माता मंदाकिनी कौशिक की पुत्री डॉ. संध्या कौशिक को भी उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
संध्या कौशिक ने कक्षा 12वीं में प्रदेश में सर्वोच्च अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद नीट परीक्षा में चयनित होकर , बिलासपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। एमबीबीएस में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर सिम्स द्वारा उन्हें 2 गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। साथ ही आप्थैल्मोलॉजी में सर्वोच्च अंक के लिए गोल्ड मेडल, डॉ. रमेश चंद्र तिवारी मेमोरियल धन्वंतरि गोल्ड मेडल एवं डॉ. श्रुति चंद्राकर मेमोरियल गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। इस प्रकार उन्होंने कुल 5 गोल्ड मेडल प्राप्त किए।
वर्तमान में वे , हैदराबाद में रेडियोलॉजी में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही हैं।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने संध्या कौशिक और उनके परिजनों को भी स्मरणिका भेंट कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने भी स्वाति पैकरा को सिविल जज बनने पर बधाई देते हुए कहा कि पुलिस परिवार की बेटी को न्यायाधीश की कुर्सी पर देखना अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने संध्या कौशिक को भी मेडिकल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
जोनल पुलिस अधीक्षक दीपमाला कश्यप ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) ने भी स्वाति पैकरा के सिविल जज चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए स्वाति एवं संध्या दोनों को तथा उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई प्रेषित की है।

पुलिस विभाग के इन दोनों परिवारों की बेटियों की उपलब्धियों से न केवल उनके परिजन, बल्कि पूरा पुलिस परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि समर्पण, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति दृढ़ निश्चय से हर ऊंचाई हासिल की जा सकती है।