Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का हुआ समापन,प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान, कलेक्टर-एसपी ने नियम पालन का दिलाया संकल्प


NTN NEWS REPORT // जांजगीर-चांपा,31 जनवरी 2026। जांजगीर-चांपा जिले में 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आज विधिवत समापन किया गया। समापन अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें जिलेभर में सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित गतिविधियों की समीक्षा के साथ प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन में जागरूकता लाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूल स्तर पर नुक्कड़ नाटक, गीत, भाषण, कविता, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं कराई गईं। वहीं यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता रैली, स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर तथा लर्निंग लाइसेंस बनाने हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया गया।

समापन कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कलेक्टर ने कहा – छोटे नियम, बड़ी सुरक्षा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हर नागरिक की जिम्मेदारी अहम है।
उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि छोटे-छोटे नियमों का पालन कर हम बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं और अनमोल जीवन बचा सकते हैं।

सड़क सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी – एसपी

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
एसपी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि का मुख्य कारण लापरवाही और नियमों की अनदेखी है, जिसे केवल अनुशासन और जागरूकता से ही रोका जा सकता है।

नुक्कड़ नाटक से दिया सशक्त संदेश

कार्यक्रम के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़वा के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का प्रभावशाली संदेश दिया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।

प्रतिभागियों का सम्मान, सुरक्षा मितानों को किट

समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं—नुक्कड़ नाटक, गीत, भाषण, कविता, रंगोली एवं चित्रकला—के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
साथ ही सुरक्षा मितानों को सुरक्षा किट वितरित की गई।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता दीपक यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!