
‘जी राम जी’ अब सपना नहीं, विकसित भारत का संकल्प है: भूपेन्द्र सवन्नी
NTN NEWS REPORT// जांजगीर। भाजपा कार्यालय जांजगीर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि “जी राम जी अब केवल सपना नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का ठोस संकल्प है।” उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की नई योजना “जी राम जी” पूर्व में संचालित मनरेगा की तमाम विसंगतियों को दूर करने वाली एक उन्नत और प्रभावी योजना है, जो भारत के वर्तमान विकास एजेंडे और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के गहरे संबंध को दर्शाती है।
भूपेन्द्र सवन्नी ने बताया कि विकसित भारत – जी राम जी विधेयक दिसंबर 2025 में संसद द्वारा पारित किया गया। यह अधिनियम विकसित भारत ग्रामीण रोजगार आजीविका योजना के अंतर्गत लागू किया गया है, जो पुरानी मनरेगा योजना का एक आधुनिक और उन्नत मॉडल है। इसका उद्देश्य ग्रामीण भारत में दीर्घकालिक, टिकाऊ रोजगार, आत्मनिर्भरता और पारदर्शी शासन प्रणाली को सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि “सशक्त गांव, समृद्ध भारत” के लक्ष्य के साथ जी राम जी योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी। यह योजना केवल रोजगार सृजन तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों को आत्मनिर्भर बनाकर समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।
भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि यह योजना रामराज्य के संकल्प से प्रेरित है, जो “सबका साथ, सबका विकास” और सुशासन के सिद्धांतों पर आधारित है, जहां यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी गरीब या दुखी न रहे।
उन्होंने आगे कहा कि नवंबर 2025 में राम मंदिर के ध्वजारोहण के ऐतिहासिक संदर्भ में ‘राम से राष्ट्र’ की भावना को 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से जोड़ा गया है। “जी राम जी” केवल एक योजना का नाम नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत को विकसित बनाकर न्याय, समानता और समृद्धि से युक्त रामराज्य के सपने को साकार करने का माध्यम है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, आशुतोष गोस्वामी, लक्ष्मी देवांगन, कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रवक्ता विकास शर्मा, नवागढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष अर्चना देवांगन, आईटी सेल संयोजक अनिल शर्मा सहित मीरा पत्की, मोहन यादव, भुवनेश्वर साहु, सनत पांडेय, उमेश राठौर, मंडल अध्यक्ष हितेश यादव, संतोष थवाईत, समर्थ सिंह, विवेक सिंह, साकेत तिवारी, निरंजन कोसले, रामेश्वर पटेल, सनत पटेल, राकेश रूपवानी, नवीन राठौर, नारायण देवांगन, सुधीर झाझडिया, विवेक शर्मा, सोनु यादव, गोलू दुबे, प्रदीप राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।