
जांजगीर-चांपा में नाबालिग अपहरण व दुष्कर्म का सनसनीखेज खुलासा
शादी का झांसा देकर भगाने वाला मुख्य आरोपी और उसका साथी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके सहयोगी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा पोक्सो अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्रकरण का संक्षिप्त विवरण : घटना दिनांक 05.01.2025 को एक नाबालिग बालिका घर से अपनी दीदी के घर घूमने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास तलाश के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तब थाना सिटी कोतवाली में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
साइबर तकनीक से मिली अहम जानकारी : विवेचना के दौरान साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपहृता बालिका एवं आरोपी के रायगढ़ क्षेत्र की ओर होने की सूचना प्राप्त हुई। यह जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिनके निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर रायगढ़ रवाना किया गया।
अपहृता बरामद, अपराध स्वीकार : पुलिस टीम ने साइबर इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर नाबालिग बालिका को आरोपी नागेश सूर्यवंशी के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बालिका को शादी का झांसा देकर अनाचार करने तथा अपने दोस्त के साथ मिलकर मोटरसाइकिल से अपहरण कर ले जाने का अपराध स्वीकार किया।
सहयोगी आरोपी भी गिरफ्तार : मुख्य आरोपी की निशानदेही पर घटना में सहयोग करने वाले उसके साथी गुलशन टैगोर को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 137(2), 64(2)(m), 87, 3(5) BNS तथा धारा 4, 6 पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी : 1. नागेश कुमार सूर्यवंशी, पिता राम रतन सूर्यवंशी, उम्र 21 वर्ष, निवासी पुटपुरा, जांजगीर (मुख्य आरोपी) 2. गुलशन टैगोर, पिता भीम प्रसाद टैगोर, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम पुटपुरा, जांजगीर
सराहनीय पुलिस कार्रवाई : इस पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली के निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश राठौर,राकेश तिवारी एवं आरक्षक शंकर राजपूत का विशेष योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल नाबालिग को सुरक्षित बचाया गया, बल्कि गंभीर अपराध में शामिल आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाकर समाज को सख्त संदेश दिया गया है।