
ऑपरेशन निश्चय में रायपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी नववर्ष की पार्टियों से पहले 1.075 किलो अफीम जब्त, आरोपी गिरफ्तार
NTN REPORT// रायपुर, 25 दिसंबर 2025। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 1.075 किलोग्राम अफीम के साथ एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जप्त मादक पदार्थ की कुल कीमत लगभग 5 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
नववर्ष की पार्टियों में खपाने की थी तैयारी : पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नववर्ष के दौरान आयोजित होने वाली पार्टियों में अफीम खपाने की फिराक में था। समय रहते की गई इस कार्रवाई से नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
सड़क किनारे दबिश, मौके पर पकड़ा गया आरोपी: पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में रायपुर पुलिस द्वारा लगातार नशा कारोबारियों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में 25 दिसंबर 2025 को एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि थाना डी.डी. नगर क्षेत्र अंतर्गत पार्थिवी प्रोविन्स के आगे सड़क किनारे एक व्यक्ति प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम दिलबाग सिंह, निवासी पार्थिवी प्रोविन्स, सरोना, थाना डी.डी. नगर, रायपुर बताया।
तलाशी में मिला प्रतिबंधित मादक पदार्थ : पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपी के कब्जे से 1.075 किलोग्राम अफीम तथा 01 मोबाइल फोन बरामद किया गया। अफीम के संबंध में पूछताछ के दौरान आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा।
अपराध दर्ज, जांच जारी : आरोपी को गिरफ्तार कर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 613/25 धारा नारकोटिक एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण : दिलबाग सिंह, पिता स्व. अजीत सिंह, उम्र 55 वर्ष निवासी – मकान नंबर 83, पार्थिवी प्रोविन्स, सरोना थाना – डी.डी. नगर, रायपुर
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका : इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक रविन्द्र यादव (थाना प्रभारी डी.डी. नगर), एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, सउनि. मंगलेश्वर सिंह परिहार, प्र.आर. गुरूदयाल सिंह, मार्तण्ड सिंह, आर. हरजीत सिंह तथा थाना डी.डी. नगर से सउनि. राजेन्द्र गौतम और आर. हेमंत गिलहरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में मादक पदार्थों की तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।