
रक्तदान से जीवनदान की मिसाल: वेल विशर फाउंडेशन ने लगाया रक्तदान शिविर
थैलेसीमिया व सिकलिंग पीड़ित बच्चों के लिए बना सहारा, कमला देवी हॉस्पिटल बनाहील में हुआ आयोजन
NTN REPORT//अकलतरा,बनाहील। सामाजिक सरोकारों को सशक्त रूप देने की दिशा में वेल विशर फाउंडेशन द्वारा ग्राम बनाहील स्थित कमला देवी हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य थैलेसीमिया एवं सिकल सेल (सिकलिंग) रोग से पीड़ित बच्चों एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और यह केवल मानव शरीर से ही प्राप्त होता है। इसी कारण संस्था द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों को तुरंत रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
संस्था के सचिव चिराग शर्मा ने बताया कि वेल विशर फाउंडेशन सिकलिंग और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों एवं बड़ों को निशुल्क रक्त उपलब्ध कराती है। यह सेवा उन रक्तवीरों के सहयोग से संभव हो पाती है, जो संस्था के शिविरों में स्वेच्छा से रक्तदान करते हैं। उन्होंने बताया कि जो भी सिकलिंग या थैलेसीमिया से प्रभावित व्यक्ति संस्था से संपर्क करेगा, उसे निशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर में विशेष रूप से जेएसडब्ल्यू के सीएसआर हेड सचिन दुबे ने अपने जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया। वहीं कान्हा राइस मिल के संचालक राहुल अग्रवाल ने अपने साथियों और स्टाफ को रक्तदान के लिए प्रेरित किया, जिसके परिणामस्वरूप राइस मिल से जुड़े कई लोगों ने शिविर में रक्तदान किया।
इस अवसर पर हॉस्पिटल स्टाफ, जेएसडब्ल्यू प्लांट, राइस मिल एसोसिएशन के सदस्य, नरियरा, बनाहील, झलमला, पकरिया के ग्रामीण, किसान एवं मजदूरों का सराहनीय सहयोग रहा। शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं की सहभागिता से आयोजन सफल रहा और समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।