
जांजगीर-चांपा में फोस्टर केयर का 13वां सफल प्लेसमेंट, 12 वर्षीय बालक को मिला नया परिवार
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 15 दिसम्बर 2025। जिले में बाल संरक्षण एवं वैकल्पिक देखरेख की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। फोस्टर केयर योजना के अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिले का तेरहवां सफल प्लेसमेंट पूर्ण किया गया। इस अवसर पर फोस्टर केयर के लिए चिन्हांकित 12 वर्षीय बालक उमेश कुमार को बाल कल्याण समिति जांजगीर-चांपा के आदेशानुसार कोरबा जिले के चयनित फोस्टर परिवार को सौंपा गया।
बालक का फोस्टर केयर प्लेसमेंट बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति कोरबा द्वारा चयनित परिवार — मुकेश कुमार गुप्ता (उम्र 40 वर्ष 09 माह 20 दिन) एवं दिव्या गुप्ता (उम्र 42 वर्ष 08 माह 29 दिन), निवासी स्कूलपारा, शुक्लाखार, बांकीमोंगरा, थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) के परिवार में किया गया। उक्त परिवार के दो जैविक बच्चे हैं, जिनमें से एक पुत्र का पूर्व में निधन हो चुका है। इसके बावजूद परिवार ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए फोस्टर केयर के माध्यम से एक बालक को अपनाने का निर्णय लिया।
यह संपूर्ण प्रक्रिया किशोर न्याय (देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों एवं मानकों के अनुरूप पूरी की गई, जिसमें बाल कल्याण समिति जांजगीर-चांपा, जिला बाल संरक्षण इकाई जांजगीर-चांपा, तथा सीईएसी (Centre of Excellence in Alternative Care) की सक्रिय भूमिका रही। सभी आवश्यक दस्तावेजी एवं कानूनी औपचारिकताओं का विधिवत पालन किया गया।
प्लेसमेंट के दौरान बालक को नए परिवार के साथ जाते हुए अत्यंत प्रसन्न देखा गया, वहीं फोस्टर परिवार भी बालक को अपने साथ ले जाने के लिए उत्साहित एवं भावुक नजर आया। इस अवसर पर सभी समिति सदस्यों, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा बालक के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
यह फोस्टर केयर प्लेसमेंट जिला कार्यक्रम अधिकारी अनीता अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष गणेश प्रसाद शर्मा एवं सदस्य अनुराधा शुक्ला, देव बर्मन, तपोधन सिसोदिया और आरती यादव के आदेश से संपन्न हुआ।
इस प्रक्रिया में जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल, प्रभारी संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख) ज्योति मिश्रा, परामर्शदाता प्रजेश कुमार शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पेन्द्र कुमार मरकाम, सहायक सह कम्प्यूटर ऑपरेटर खगेश कुमार पटेल, आउटरीच वर्कर शिवनंदन सिंह मरकाम, दिलेेश्वर प्रसाद सूर्यवंशी (प्रभारी परामर्शदाता, बाल गृह बालक), संस्था प्रतिनिधि सविता साव, तथा फोस्टर केयर कार्यक्रम से जुड़े सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस इन अल्टरनेटिव केयर (इंडिया), जिला बाल संरक्षण इकाई बिलासपुर के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जांजगीर-चांपा जिले में फोस्टर केयर के माध्यम से बच्चों को पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक और सराहनीय और प्रेरणादायी पहल मानी जा रही है।