Advertisment
Advertisment
अपराधरायपुरस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

बैंकिंग सिस्टम में बड़ा फर्जीवाड़ा बेनकाब: निजी दस्तावेजों से फर्जी खाता खोलकर विदेशी लेन-देन करने वाला बैंक कर्मचारी 4 साल बाद गिरफ्तार 

NTN REPORT// रायपुर,15 दिसंबर 2025। रायपुर पुलिस ने एक बड़े बैंकिंग धोखाधड़ी मामले में चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी ने निजी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से चालू खाता खोलवाकर विदेशों से अवैध लेन-देन किया था।

मामले का विवरण : प्रार्थी अजय कुमार यदु, निवासी ब्राम्हणपारा, महितोष चौक के पास स्थित मां सम्लेश्वरी ऑफसेट प्रिंटर्स के प्रोपराइटर हैं। उन्होंने थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2011 में उनके साले के परिचित मनीष राव कदम, जो उस समय कृष्णा कॉम्पलेक्स स्थित इंडसइंड बैंक में कर्मचारी था, उनकी दुकान पर आया।

परिचय का लाभ उठाते हुए मनीष कदम ने प्रार्थी को यह झांसा दिया कि यदि वह अपनी फर्म का खाता इंडसइंड बैंक में खोलता है तो उसे अधिक ब्याज मिलेगा तथा खाता सक्रिय न रहने पर भी कोई परेशानी नहीं होगी। इसी दौरान आरोपी ने दुकान पर ही खाता खोलने के नाम पर कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए, निजी दस्तावेजों की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो ली और 10,000 रुपये नगद भी जमा कराए। कुछ दिनों बाद आरोपी ने चेकबुक भी सौंप दी।

प्रार्थी न तो कभी बैंक गया और न ही किसी प्रकार का लेन-देन किया, लेकिन दिनांक 13 दिसंबर 2019 को उसे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से समन प्राप्त हुआ। ईडी कार्यालय में उपस्थित होने पर प्रार्थी को जानकारी हुई कि उसे कन्हैया सेल्स नामक फर्म का प्रोपराइटर दर्शाकर इंडसइंड बैंक के कर्मचारी मनीष कदम, तत्कालीन बैंक प्रबंधक एवं अन्य सहयोगियों ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत फर्जी खाता खोलकर विदेशों से अवैध धन का लेन-देन किया है।

पुलिस कार्यवाही : प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 21/22 धारा 419, 420 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी गिरफ्तारी हेतु मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया गया। इसी क्रम में ए.सी.सी.यू. को तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से आरोपी मनीष कदम राव की रायपुर जिले में उपस्थिति की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण : मनीष राव कदम पिता – घनश्याम राव कदम उम्र – 45 वर्ष निवासी – अविनाश कैपिटल होम्स, फेस-02, ब्लॉक नं. सी, मकान नं. 513 थाना – विधानसभा, रायपुर

रायपुर पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही जारी है तथा मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!