
NTN NEWS REPORT// 06 दिसंबर 2025। थाना सिटी कोतवाली, थाना तारबाहर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मधुबन अटल आवास में दबिश देकर एक संदेही के घर से 14 लाख रुपये नकद जब्त किए। पुलिस को यह सफलता मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मिली, जिसमें बताया गया था कि आरोपी पिछले कुछ महीनों से असामान्य रूप से भारी राशि खर्च कर रहा है।
संदेही का विवरण – विजेन्द्र बैस, पिता महेश बैस , उम्र – 38 वर्ष निवासी – श्री कृष्णा गौशाला, मधुबन रोड, अटल आवास, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर (छग)
कैसे हुई कार्रवाई? – दिनांक 06 दिसंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि विजेन्द्र बैस अत्यधिक धनराशि खर्च कर रहा है और उसके पास बड़ी मात्रा में नकदी होने की संभावना है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तीनों इकाइयों की संयुक्त टीम ने तुरंत संदेही के निवास स्थान पर रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान पुलिस को घर से ₹14,00,000/- (चौदह लाख रुपये) नगद प्राप्त हुए।
राशि के स्रोत पर नहीं दे पाया जवाब – पुलिस ने मौके पर ही विजेन्द्र बैस से पूछताछ की तथा उसे बरामद राशि के स्रोत से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया। हालांकि, संदेही कोई भी संतोषजनक उत्तर या प्रमाण पेश नहीं कर सका।
बीएनएसएस धारा 106 के तहत हुई जप्ती – राशि के स्रोत स्पष्ट न होने एवं संदिग्ध परिस्थितियों के मद्देनजर पुलिस ने नकदी को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत विधिवत जप्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
बिलासपुर पुलिस द्वारा की गई यह त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई अवैध गतिविधियों पर सख्ती का संकेत देती है।