
धान खरीदी व्यवस्था पर कलेक्टर महोबे की सख्त मॉनिटरिंग—जिले भर के अधिकारियों को दिया स्पष्ट संदेश
समितियों की होगी ग्रेडिंग, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का होगा सम्मान — तकनीकी समस्याओं का किया गया तत्क्षण निराकरण
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 06 दिसम्बर 2025।
समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय व्यापक प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आज ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। बैठक में राजस्व, सहकारिता, खाद्य, मार्कफेड, मंडी, समिति प्रबंधक, धान खरीदी प्रभारी, ऑपरेटर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
खरीदी प्रक्रिया के हर चरण की होगी कड़ी निगरानी
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि पंजीयन, सत्यापन, तौल, भंडारण, परिवहन से लेकर भुगतान तक—हर चरण की बारीकी से मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि खरीदी से उठाव तक की सभी गतिविधियों पर निरंतर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
प्रशिक्षण में तकनीकी प्रक्रियाओं का विस्तृत अभ्यास—समस्याओं का तत्काल समाधान
बैठक के दौरान धान खरीदी से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य बिंदु— गेट पास ऐप के माध्यम से फोटो एंट्री , स्टॉक एंट्री एवं किस्मवार स्टैकिंग, यूएफआर प्रगति, पीसी-एसएपी डेटा प्रविष्टि, रकबा समर्पण, सतर्क ऐप एवं अन्य तकनीकी प्रक्रियाएँ
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न केंद्रों से प्राप्त समस्याओं को वहीं तत्काल हल किया गया, जिससे आगामी दिनों में प्रक्रिया और अधिक सुचारू रहेगी।
यूएफआर पंजीयन पर कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश
कलेक्टर महोबे ने निर्देशित किया कि यूएफआर में जिन किसानों का खसरा जुड़ने से रह गया है, उसका कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। किसानों को यूएफआर पंजीयन हेतु— बी-1 , आधार कार्ड , आधार से लिंक मोबाइल नंबर लाना अनिवार्य बताया गया। उन्होंने कहा कि शेष यूएफआर पंजीयन को मिशन मोड में पूरा किया जाए ताकि किसी किसान को धान बेचने में बाधा न आए।
गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जारी—कोचियों एवं बिचौलियों पर पैनी नजर
कलेक्टर ने टीमों को निर्देश दिए कि रकबा समर्पण अभियान को प्रभावी रूप से चलाया जाए, जिससे खरीदी में गड़बड़ी की संभावना न्यूनतम हो सके।
निर्देश— मंडी एवं राजस्व टीम अवैध धान संग्रहण व परिवहन पर लगातार कार्रवाई करें , प्रत्येक खरीदी केंद्र में गेट पास में 100% एंट्री अनिवार्य , सतर्क ऐप एवं प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई , संवेदनशील केंद्रों का नोडल अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण व भौतिक सत्यापन उन्होंने कहा कि खरीदी की पूरी प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उत्कृष्ट समितियों को मिलेगा सम्मान—ग्रेडिंग होगी शुरू
कलेक्टर ने घोषणा की कि जिले में बेहतर कार्य करने वाली समितियों की ग्रेडिंग की जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों को सम्मानित भी किया जाएगा, जिससे प्रतिस्पर्धा और गुणवत्ता दोनों बढ़ेंगी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि—इंटरनेट , कंप्यूटर , प्रिंटर, बिजली आपूर्ति , किसान सेवा सुविधाएँ हर खरीदी केंद्र पर सुचारू रूप से उपलब्ध रहें।
कलेक्टर का संदेश—किसानों की सुविधा सर्वोपरि
कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि धान खरीदी केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया—
“किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान हमारी प्राथमिकता हैं, और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यही जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है।”
अवसर पर अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, सभी एसडीएम, खाद्य अधिकारी कौशल साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।