
खनिज माफियाओं पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई — 2 दिनों में 29 वाहन जब्त, कई क्षेत्रों में अवैध उत्खनन पर कसी नकेल
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा, 26 अक्टूबर 2025। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के सख्त निर्देशानुसार एवं जिला खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू के मार्गदर्शन में दिनांक 25 एवं 26 अक्टूबर 2025 को खनिज विभाग, राजस्व विभाग तथा पुलिस अमला की संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों — बम्हनीडीह, खपरीडीह, चांपा, देवराहा, जांजगीर, केराकछार एवं पंतोरा में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
इस दौरान खनिज परिवहन करने वाले वाहनों एवं रेत घाट क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की गई।
दिनांक 26 अक्टूबर 2025 की कार्रवाई
क्षेत्र – बम्हनीडीह:
खनिज रेत के अवैध उत्खनन कार्य में संलिप्त 1 जेसीबी तथा 2 हाईवा (CG 04 QA 9799, CG 11 N 2499) एवं 1 ट्रैक्टर को जब्त कर थाना बम्हनीडीह में सुरक्षार्थ रखा गया।
इसके अतिरिक्त 1 जेसीबी (CG 11 BM 9529) नदी में खराब हो जाने के कारण स्थानीय नागरिक की सुपुर्दगी में दी गई।
क्षेत्र – चांपा:
खनिज रेत का अवैध परिवहन करते 7 ट्रैक्टर (CG 11 BP 3066, CG 13 AG 4475, CG 11 BK 9206, CG 05 AA 5082, CG 13 UE 7762, सोनालिका ट्रैक्टर एवं एक अन्य) को जब्त कर थाना चांपा में रखा गया।
क्षेत्र – देवराहा (हसदेव नदी क्षेत्र):
मध्यरात्रि में अवैध रेत उत्खनन करते 1 जेसीबी (CG 11 BN 7084) एवं 2 ट्रैक्टर (CG 11 AB 2459, CG 11 AU 9714) को मौके से लावारिस हालत में सील कर थाना जांजगीर में सुरक्षार्थ रखा गया।
दिनांक 25 अक्टूबर 2025 की कार्रवाई
खनिज उडनदस्ता दल द्वारा बम्हनीडीह-खपरीडीह क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते 6 ट्रैक्टर, केराकछार (हसदेव नदी क्षेत्र) से 6 ट्रैक्टर, को जब्त कर कलेक्टर परिसर जांजगीर एवं थाना पंतोरा में रखा गया। शिवरीनारायण क्षेत्र से अवैध रेत उत्खनन/परिवहन में प्रयुक्त 1 जेसीबी (CG 22 W 7241) एवं 3 ट्रैक्टर को लावारिस हालत में पुलिस थाना शिवरीनारायण में सुरक्षार्थ रखा गया।
कानूनी कार्यवाही : उपरोक्त प्रकरणों में खनिजों के अवैध उत्खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं एवं भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है।
साथ ही, कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी, जांजगीर-चांपा को उपरोक्त वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।
भविष्य में यदि इन वाहनों का पुनः अवैध उत्खनन/परिवहन या भंडारण कार्य में उपयोग पाया गया तो माननीय न्यायालय में परिवाद दायर कर कड़ी दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
संयुक्त दल की सक्रिय भूमिका इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (रा.) चांपा, तहसीलदार चांपा, नायब तहसीलदार जांजगीर, खनि निरीक्षकगण, पुलिस बल एवं राजस्व अमला की विशेष भूमिका रही।
निरंतर कार्रवाई जारी जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित प्राप्त सूचनाओं व शिकायतों पर जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं खनिज अमला द्वारा सतत जांच एवं कार्यवाही की जा रही है।
खनिज विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि —
“अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भविष्य में और अधिक सख्ती से जारी रहेगी।”