Advertisment
Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर “एकता मार्च” की तैयारियों को लेकर सांसद कमलेश जांगड़े ने ली जिला स्तरीय बैठक

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री, भारत रत्न लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले “एकता मार्च” (Unity March) की तैयारियों को लेकर आज सर्किट हाउस जांजगीर में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने की।

बैठक में आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जगन्नाथ पाणिग्रही, गुलाब सिंह चंदेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदिनी राजवाड़े, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, आशुतोष गोस्वामी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि “एकता मार्च” अभियान एक भारत, श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रनिर्माण के योगदान से जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि मार्च की तैयारियां समय पर और सुव्यवस्थित रूप से पूरी की जाएं।

जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि एकता, अखंडता और राष्ट्र सेवा के प्रतीक लौह पुरुष सरदार पटेल के जीवन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, एनजीओ और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान में भागीदारी की अपील की।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने यूनिटी मार्च की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिले के सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में “सरदार पटेल का जीवन एवं योगदान” तथा आत्मनिर्भर भारत विषय पर वाद-विवाद, निबंध लेखन प्रतियोगिता और संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में नशा मुक्त भारत की शपथ और ‘गर्व से स्वदेशी अपनाने’ का संकल्प दिलाया जाएगा।

यात्रा से एक सप्ताह पूर्व तक सभी मार्गों और स्थलों पर स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा तथा जनहित में स्वास्थ्य शिविरों का भी आयोजन होगा। एकता मार्च का समापन लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पण और आत्मनिर्भर भारत की शपथ के साथ किया जाएगा।

इसके साथ ही जिले के पांच विभिन्न क्षेत्रों से उपलब्धि प्राप्त युवा यात्रा प्रारंभ कर नागपुर की ओर प्रस्थान करेंगे, जो राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!