
आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य प्राप्त करने छत्तीसगढ़ सरकार प्रतिबद्ध — आलोक सिंह ठाकुर
स्वदेशी अपनाने के लिए सभी को किया प्रेरित, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान में दिया संदेश
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत जांजगीर-चांपा विधानसभा स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत सत्कार किया गया।
स्वागत भाषण देते हुए जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने बताया कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यकर्ता विभिन्न मंडलों में प्रभारी बनकर जनसंपर्क कर रहे हैं और आम जनता को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान कर रहे हैं।
मुख्य वक्ता किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए छत्तीसगढ़ के लोग प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पहले हमारे मजदूर स्वदेशी सामग्री बनाकर विश्व में निर्यात करते थे, लेकिन मुगल, अंग्रेजी शासन और कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण भारत पिछड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “वोकल फॉर लोकल” का संदेश हर घर तक पहुंच रहा है।
ठाकुर ने कहा — “प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत मिशन’ के माध्यम से भारत एक महत्वपूर्ण विनिर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है। स्वदेशी उत्पादों का उपयोग कर हम एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत सदियों से व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में समृद्ध रहा है। परंतु पूर्व की सरकारों की ‘लाइसेंस-कोटा-परमिट’ जैसी नीतियों ने देश की मुद्रा और व्यवस्था को कमजोर किया। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने हिंदी में संयुक्त राष्ट्र संघ में भाषण देकर भारतीय बौद्धिक सामर्थ्य को विश्व में स्थापित किया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की साख और आर्थिक सामर्थ्य विश्व स्तर पर मजबूत हुई है।
ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों, मजदूरों, व्यापारियों सहित हर वर्ग के हित में कार्य कर रहे हैं। उनकी पारदर्शी नीतियों से आम जनता के जीवन में सरलता आई है। छत्तीसगढ़ सरकार भी आत्मनिर्भर भारत एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है। प्रदेश में उद्योग एवं निवेश को प्रोत्साहन देने के प्रयासों से स्वदेशी उत्पादों को बल मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी त्यौहारों में स्वदेशी सामग्री का अधिक से अधिक उपयोग करें।
हर घर स्वदेशी का मंत्र अपनाएं — नारायण चंदेल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नारायण चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता अब भारत के राष्ट्रीय चरित्र का हिस्सा बन चुकी है। आज पूरा विश्व भारत को नए नजरिए से देख रहा है। यह हमारे आत्मविश्वास, स्वदेशी भावना और संगठन शक्ति का परिणाम है।
उन्होंने कहा — “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी केवल नारा नहीं, बल्कि भारत के उत्थान की दिशा में एक विराट आंदोलन है। जब हम अपने स्थानीय उद्योगों, कारीगरों और संसाधनों को प्राथमिकता देंगे, तभी भारत सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर बनेगा।”
चंदेल ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीति नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। छत्तीसगढ़ की धरती में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें स्वदेशी दृष्टिकोण से सशक्त कर प्रदेश को आत्मनिर्भर भारत का मजबूत स्तंभ बनाया जा सकता है।
सम्मेलन में लिया गया स्वदेशी अपनाने का संकल्प कार्यक्रम के समापन पर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी अपनाने और समाज के हर वर्ग तक आत्मनिर्भरता एवं स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि इस अभियान को एक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष गुलाब चंदेल, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, प्रदीप नामदेव, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री राकेश तिवारी, जिला महामंत्री नंदनी रजवाड़े, अमर सुल्तानिया, अर्चना देवांगन, अभिमन्यु राठौर, पुष्पेंद्र सिंह, समीर शुक्ला, आशुतोष गोस्वामी, पंकज अग्रवाल, संतोषी दुबे, राम खुबवानी, मीरा पत्की, शिव अंगत बिंझवार, हितेश यादव, विवेका गोपाल, संतोष थवाईत, बलराम पांडेय, रवि पांडेय, प्रदीप सोनी, अनिल शर्मा, उमा सोनी, प्रशांत मिश्रा, दिव्यांश चंदेल, संगीता पांडेय, रिया यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।