
जांजगीर-चांपा पुलिस की मानवीय पहल : पीड़ित परिवार की बेटियों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाई
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा, 24 सितम्बर 2025। थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में सितम्बर माह में हुए तीन जघन्य हत्याकांड से प्रभावित परिवारों के प्रति पुलिस विभाग ने संवेदनशीलता और मानवीयता का परिचय दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने पीड़ित परिवारों की बेटियों की शिक्षा की संपूर्ण जिम्मेदारी उठाने का निर्णय लिया है।
मायरा बघेल को अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में प्रवेश
हत्या कांड में मारे गए उपसरपंच महेन्द्र बघेल की नन्ही बेटी मायरा बघेल की पढ़ाई आर्थिक संकट के कारण बाधित हो रही थी। वह ग्राम पेंड्री (जिला सक्ती) स्थित एम.एस. कश्यप बाल संस्कार अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में अध्ययनरत है।
पुलिस अधीक्षक ने पहल करते हुए मायरा की पूरे शैक्षणिक सत्र (2025-26) की फीस और ट्रांसपोर्ट शुल्क स्वयं वहन करने का संकल्प लिया। निर्देशानुसार थाना प्रभारी बिर्रा निरीक्षक जयकुमार साहू की टीम ने विद्यालय जाकर शुल्क जमा किया और मायरा को किताबें, कॉपी, स्कूल बैग एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई।
सोनिया कश्यप को उच्च शिक्षा हेतु प्रेरणा
इसी क्रम में मृतक मनोज कश्यप की बेटी सोनिया कश्यप, जिन्होंने कक्षा 12वीं उत्तीर्ण की है, को स्नातक स्तर की पढ़ाई जारी रखने हेतु प्रोत्साहित किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने उनकी महाविद्यालयीन शिक्षा सुनिश्चित कराने के लिए प्रयास जारी रखने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिजनों से सीधा संवाद
एसपी विजय कुमार पाण्डेय अपने मातहत एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार एवं थाना प्रभारी बिर्रा जयकुमार साहू के साथ पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग न केवल उनकी सुरक्षा बल्कि बच्चों की शिक्षा के लिए भी हरसंभव सहयोग करेगा।
समाज में सकारात्मक संदेश
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के द्वारा उठाए गए इस कदम से ग्राम करही के शोकाकुल परिवारों एवं ग्रामवासियों ने मानवीयता और सामुदायिक पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। लोगों का कहना है कि पुलिस विभाग की इस पहल ने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के साथ-साथ समाज में एक सकारात्मक संदेश भी दिया है।
यह मानवीय पहल बताती है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के साथ खड़ी होकर उनके जीवन में आशा और विश्वास भी जगाती है।