
“डिजिटल अवेयरनेस” साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का भारतीय स्टेट बैंक जांजगीर इकाई ने किया शुभारंभ
NTN NEWS REPORT// आरबीओ कोरबा टीम द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का शुभारंभ दिनांक 26 अगस्त 2025 को जांजगीर में किया गया। उद्घाटन समारोह में डिजिटल अवेयरनेस वैन को वी. के. पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, जांजगीर एवं अपर पुलिस अधीक्षक उदयन बेहर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर अन्य गणमान्य व्यक्तियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह डिजिटल अवेयरनेस वैन जांजगीर-चांपा जिले के 5 प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर आमजन को साइबर धोखाधड़ी एवं बचाव के उपायों के संबंध में नुक्कड़ नाटक एवं अन्य आकर्षक गतिविधियों के माध्यम से जागरूक करेगी। इस पहल का उद्देश्य साइबर सुरक्षा संबंधी सर्वोत्तम प्रथाओं के प्रति जन-जन में जागरूकता लाना एवं उन्हें शिक्षित करना है।
कार्यक्रम के दौरान, पुलिस अधीक्षक पाण्डेय ने साइबर अपराध पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस विभाग एवं भारतीय स्टेट बैंक के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। वहीं मुख्य प्रबंधक जांजगीर ने बैंक द्वारा साइबर धोखाधड़ी रोकथाम एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए की जा रही पहलों पर प्रकाश डाला।