
NTN REPORT// हैदराबाद। यूट्यूब की वर्चुअल दुनिया में अपनी लाइफस्टाइल वीडियो से पहचान बनाने वाली 21 वर्षीय बोनू कोमाली ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। उसका शव हैदराबाद के मणिकोंडा इलाके स्थित फ्लैट से बरामद किया गया। पुलिस को कमरे से एक इमोशनल नोट मिला है, जो उसकी निजी डायरी में दर्ज था। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग में ब्रेकअप के कारण गहरे मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है।
विशाखापत्तनम की रहने वाली, हैदराबाद में कर रही थी ग्रेजुएशन
मूल रूप से विशाखापत्तनम की रहने वाली बोनू कोमाली हैदराबाद में रहकर ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह यूट्यूब पर काफी सक्रिय थी और अपनी लाइफस्टाइल से जुड़े वीडियो साझा करती थी।
डायरी में दर्ज 37 दिनों का मानसिक तनाव
पुलिस को उसकी डायरी से पता चला है कि वह पिछले 37 दिनों से गहरे मानसिक तनाव में थी। 21 फरवरी को लिखी गई एक एंट्री में उसने अपने जज्बात व्यक्त करते हुए लिखा—
“मुश्किल है, लेकिन उन्हें अपने दिल में सुरक्षित रखना, सबसे बहादुरी भरा काम है, जो आप कभी करेंगे। आई एम मिसिंग यू मैन।”
इन पंक्तियों से अंदेशा लगाया जा रहा है कि वह अपने पूर्व प्रेमी को भुला नहीं पा रही थी। डायरी में आगे उसने लिखा—
“मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने से डरती हूं, क्योंकि क्या पता वो वापस आ जाए? मुझे पता है कि मुझे उसे छोड़ देना चाहिए। मुझे पता है कि वह मेरा नहीं है। मुझे पता है कि वह रुकने की कोशिश भी नहीं कर रहा। लेकिन मेरा एक छोटा सा हिस्सा अब भी उसका इंतजार करता है, अब भी उम्मीद करता है, अब भी कल्पना करता है कि एक दिन वह मुझे चुनेगा। और यही वजह है कि आगे बढ़ना नामुमकिन सा लगता है, क्योंकि क्या पता जिस पल मैं सच में दूर चली जाऊं, वो मुड़कर मुझे ढूंढने लगे?”
कमरे से बरामद नोट में उसने अपनी आखिरी इच्छाएं और भावनाएं भी व्यक्त की थीं।
मां को भेजा आखिरी भावुक संदेश
बोनू की मां कुवैत में काम करती हैं। घटना वाले दिन सुबह उसने अपनी मां को एक भावुक संदेश भेजा था, जिसमें लिखा था—
“मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं मां, आप अपना और छोटे भाई का बहुत ख्याल रखना।”
संदेश पढ़ते ही मां को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने कुवैत से कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने हैदराबाद में रहने वाले एक परिचित को उसके फ्लैट पर भेजा।
अंदर से बंद मिला दरवाजा, पुलिस ने तोड़कर निकाला शव
फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर रायदुर्गम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बोनू का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए उस्मानिया अस्पताल भेज दिया है।
सीसीटीवी में कैद हुई आखिरी मुलाकात
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में उसने अपने पूर्व प्रेमी से संपर्क किया था और उसे अपने फ्लैट पर बुलाया था। अपार्टमेंट के एक सीसीटीवी कैमरे में उनकी मुलाकात रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में वह दरवाजे पर खड़ी नजर आती है, जबकि उसका पूर्व प्रेमी कुछ देर बाद चुपचाप मुड़कर चला जाता है। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने सुलह की कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं बन सकी।
मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड की जांच
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, बोनू पिछले कुछ महीनों से तनाव में थी। उसके मोबाइल फोन का डेटा, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। दोस्तों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है। उसकी मां को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि आत्मघाती कदम के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।