Advertisment
अपराधछत्तीसगढ़

पानी टंकी पर सो रहे युवक की बांस के डंडे से हत्या, सीपत पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

NTN NEWS REPORT//बिलासपुर,30 मार्च 2026। थाना सीपत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेलर बरभाठा में पानी टंकी के पास एक युवक की हत्या के मामले में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 मार्च 2026 को सूचक शत्रुहन धुरी, निवासी ग्राम सेलर बरभाठा द्वारा थाना सीपत में मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया गया। सूचना में बताया गया कि ग्राम की पानी टंकी के ऊपर सीढ़ी के पास राजू धुरी मृत अवस्था में पड़ा है।

सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान सूचक एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए।

जांच में सामने आई हत्या की वजह

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी अनिल केंवट (40 वर्ष), निवासी सेलर बरभाठा, द्वारा बांस के डंडे से सिर पर वार कर राजू धुरी की हत्या की गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ग्राम की पानी टंकी के ऊपर रेलिंग के पास सोता था। 28 मार्च 2026 की रात लगभग 9 बजे खाना खाकर सोया था। इसी दौरान मृतक राजू धुरी वहां पहुंचा और आरोपी को आवाज दी। आरोपी ने उसे वहां से जाने को कहा, लेकिन मृतक वहीं रुका रहा। इसी बात को लेकर आरोपी गुस्से में आ गया और पास में रखे बांस के डंडे से मृतक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी और उसकी मृत्यु हो गई।

आरोपी गिरफ्तार, डंडा बरामद

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अनिल केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की और घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया। विधिवत कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सीपत पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!