Advertisment
Advertisment
संपादकीय

पीएम मोदी की अपील पर क्या जिला प्रशासन करेगा सख्ती? सरकारी वाहनों के दुरुपयोग और फिजूल खर्ची पर उठे सवाल!

NTN REPORT// देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में देशवासियों से सात महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपील किए जाने के बाद अब इन मुद्दों को लेकर देशभर में चर्चा तेज हो गई है। प्रधानमंत्री ने देशहित को सर्वोपरि बताते हुए नागरिकों से पेट्रोल-डीजल की बचत, सोने की खरीदारी से परहेज, विदेशी यात्राओं में कमी, इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा विदेशी मुद्रा बचाने की दिशा में जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कहा कि भारत अपनी जरूरत का लगभग 99 प्रतिशत सोना विदेशों से आयात करता है, जिसके लिए डॉलर में भुगतान करना पड़ता है। ऐसे में अत्यधिक सोना खरीदने से देश की विदेशी मुद्रा पर दबाव बढ़ता है और इसका सीधा असर भारतीय रुपये की मजबूती पर पड़ता है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से कम से कम एक वर्ष तक शादी, त्योहार अथवा अन्य आयोजनों में अनावश्यक सोना खरीदने से बचने का आग्रह किया है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, जहां संभव हो वहां “वर्क फ्रॉम होम” को प्राथमिकता देने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही है। उनका मानना है कि छोटी-छोटी बचतें भी राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।

क्या जनता त्याग के लिए तैयार है?

प्रधानमंत्री की यह अपील कहीं न कहीं देशहित और आर्थिक स्थिरता से जुड़ी हुई मानी जा रही है। हालांकि बड़ा सवाल यह है कि क्या आम जनता इन बातों का गंभीरता से पालन कर पाएगी? इससे भी बड़ा प्रश्न यह है कि क्या बड़े पदों पर बैठे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार लोग स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करेंगे?

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि शासन-प्रशासन के उच्च पदों पर बैठे लोग स्वयं सादगी और संसाधनों की बचत का संदेश देंगे, तभी आम जनता पर उसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा। केवल अपील करने से नहीं, बल्कि व्यवहारिक उदाहरण प्रस्तुत करने से ही बदलाव संभव है।

जांजगीर-चांपा जिले में सरकारी वाहनों के उपयोग पर उठे सवाल!

यदि जिला स्तर पर बात की जाए तो जांजगीर चाम्पा जिले में भी सरकारी संसाधनों के उपयोग को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। अक्सर देखा जाता है कि कई विभागों में शासकीय वाहनों का उपयोग केवल सरकारी कार्यों तक सीमित नहीं रह जाता। निजी कार्यों, अप-डाउन और पारिवारिक उपयोग तक में सरकारी वाहनों के इस्तेमाल की चर्चाएं सामने आती रहती हैं।

ऐसी स्थिति में पेट्रोल और डीजल की भारी खपत होती है, जिसका आर्थिक भार अंततः शासन पर पड़ता है। कई बार यह भी आरोप लगते हैं कि सरकारी वाहनों का उपयोग अधिकारियों के परिवारजनों द्वारा निजी कार्यों के लिए किया जाता है। इससे न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग होता है बल्कि संसाधनों की बचत संबंधी संदेश भी कमजोर पड़ता है।

क्या जिला प्रशासन पेश करेगा उदाहरण?

अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या जिले के मुखिया और प्रशासनिक अधिकारी प्रधानमंत्री की अपील को गंभीरता से लेते हुए कोई ठोस पहल करेंगे? क्या सरकारी वाहनों के निजी उपयोग पर रोक लगाने, ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे?

यदि जिला प्रशासन इस दिशा में सख्ती दिखाते हुए उदाहरण प्रस्तुत करता है तो यह केवल जिले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए सकारात्मक संदेश बन सकता है। छोटी-छोटी व्यवस्थागत सुधार और अनुशासन भी देशहित में बड़ा योगदान साबित हो सकते हैं।

देशहित में जिम्मेदारी निभाने का समय

प्रधानमंत्री मोदी की अपील केवल आर्थिक बचत का मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता से भी जुड़ा विषय माना जा रहा है। ऐसे समय में जब वैश्विक परिस्थितियां लगातार बदल रही हैं, तब ईंधन की बचत, विदेशी मुद्रा संरक्षण और संसाधनों का संतुलित उपयोग देश के लिए महत्वपूर्ण हो जाता है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासनिक स्तर पर इन अपीलों को धरातल पर उतारने की वास्तविक पहल होगी या फिर यह केवल अपील तक सीमित रह जाएगी। आने वाले समय में जिला प्रशासन और शासन के कदम ही यह तय करेंगे कि देशहित में त्याग और अनुशासन का यह संदेश कितना प्रभावी साबित होता है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!