Advertisment
Advertisment
राज्य/शहर

नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी भेजे गए जेल

NTN NEWS REPORT// दुर्ग। जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में युवतियों से नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी खुद को एक प्राइवेट कंपनी का अधिकारी बताकर युवतियों से हजारों रुपये की ठगी कर रहे थे।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़िता ने थाना पद्मनाभपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थिया ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने से वह नौकरी की तलाश में थी। इसी दौरान उसे अपनी सहेली से जानकारी मिली कि दुर्ग जिले के बोरसी स्थित कदम प्लाजा में गुडवे इंडियन फैशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी में नौकरी के अवसर हैं।

प्रार्थिया ने 9 अप्रैल को कंपनी के ब्रांच मैनेजर सत्यम पटेल, साहिल कश्यप और रामभरोष साहू से संपर्क किया। आरोपियों ने ट्रेनिंग और रजिस्ट्रेशन के नाम पर प्रत्येक युवती से 3-3 हजार रुपये लिए। इसके बाद कंपनी की ड्रेस, नामिनी, आईडी और इंश्योरेंस के नाम पर प्रत्येक से 46-46 हजार रुपये और वसूल लिए गए।

कुछ समय बाद जब नौकरी नहीं मिली और आरोपी संपर्क से गायब होने लगे, तब युवतियों को ठगी का अहसास हुआ। इस पर पीड़ित युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी — 1. राम भरोष साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी जिला कवर्धा (छ.ग.) 2. सत्यम पटेल, उम्र 23 वर्ष, निवासी जिला जबलपुर (म.प्र.) 3. साहिल कश्यप, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम सेलर, जिला बिलासपुर (छ.ग.)

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात या संदिग्ध संस्था में पैसे जमा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!