
नगर पालिका के आदेश को ठेंगा दिखाकर , बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का किया गया अनावरण
जांजगीर चाम्पा 07 दिसंबर 2024// जांजगीर के हृदय स्थल पर बनी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण आखिरकार कर ही दिया गया। भारी जद्दोजहद के बाद आज विवाद का पटाक्षेप करते हुए जांजगीर विधायक ब्यास कश्यप,पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष भगवानदास सहित बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति आखिरकार अनावरण हो ही गया ।
एक दिन पूर्व जांजगीर नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं नगर पालिका के पार्षदों के द्वारा दिए गए आवेदन पर प्रतिमा के अनावरण पर रोक लगाने का आदेश नगर पालिका सीएमओ के द्वारा जारी किया गया था और आदेश में लिखा था कि यदि किसी भी प्रकार से कोई भी कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी और भविष्य में भव्य आयोजन कर प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। उसके बावजूद आज प्रतिमा का अनावरण कर दिया गया।

विदित हो कि कई दिनों से चल रहे असमंजस को आज खत्म करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष भगवानदास ने नगर पालिका सीएमओ के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए तीन विधायकों को उपस्थिति और बड़े हुजूम के साथ अनावरण कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पूरे जांजगीर नगर की राजनीति में गर्माहट ला दी है इस एकाएक प्रतिमा अनावरण को लेकर कई लोग इसे आगामी दिनों में होने वाले नगरीय निकायों के चुनावों से जोड़कर देख रहे है। अब देखना है आज के इस कार्यक्रम पर नगर पालिका सीएमओ क्या कार्यवाही करते है? उक्त अनावरण हेतु निमंत्रण पत्र भी छपवाए गए थे जिसमें नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत बतौर मुख्य अतिथि और जांजगीर लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े बतौर अध्यक्ष आमंत्रित थे उनकी उपस्थित में प्रतिमा का अनावरण होना था पर बिना मुख्य अतिथि के अनावरण भी समझ से परे है इतना बड़ा आयोजन यदि मुख्य अतिथि की उपस्थित और सांसद की उपस्थिति में होता तो और भी भव्य होता ऐसा वहां उपस्थित कुछ लोगों को चर्चा में शामिल था। आखिर इतनी हड़बड़ी क्यों ? यदि मुख्य अतिथि से अनावरण नहीं कराना था तो बाब साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा अनावरण संविधान दिवस में होती तो और भी यादगार होती ऐसा कुछ लोगो का कहना था।

आज के बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के मूर्ति अनावरण में बड़ी संख्या में पुलिस बल शासन प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। जांजगीर तहसीलदार से इस संबंध में पूछने पर उनके द्वारा बताया गया कि हम लोग कानून व्यवस्था के लिए यहां उपस्थित है किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित ना हो इसलिए कर्तव्य पर है। वहीं नगर पालिका सीएमओ से इस संबंध में जाने का प्रयास किया गया परंतु संपर्क नहीं हो पाया।