Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर-चांपा में 8.45 करोड़ की शेयर मार्केट ठगी का खुलासा

पश्चिम बंगाल से आरोपी गिरफ्तार, क्रेटा कार सहित कई बैंक दस्तावेज और कार्ड जब्त

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8 करोड़ 45 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी के विरुद्ध जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल फोन और 30 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं।आरोपी के विरुद्ध थाना चांपा में अपराध क्रमांक 35/26 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

निवेश पर 5 प्रतिशत मासिक ब्याज का लालच

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), निवासी अखराभांठा, सक्ती ने दिनांक 30 जनवरी 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह अकाउंटेंट का कार्य करता है। वर्ष 2021 में उसकी पहचान कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से मेदी लाल देवांगन के माध्यम से चांपा में हुई थी।

विश्वजीत देबनाथ ने शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। उसने निवेश राशि पर प्रतिमाह 5 प्रतिशत ब्याज देने का आश्वासन दिया। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का प्रलोभन भी दिया गया।

आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी एवं अन्य लोगों ने कुल 8,45,00,000 रुपए नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी एवं चेक के माध्यम से निवेश किए। प्रारंभ में कुछ लोगों को 1 से 8 माह तक 5 प्रतिशत ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में कंपनी को घाटा होने का बहाना बनाकर भुगतान बंद कर दिया गया और रकम लौटाने का झूठा आश्वासन दिया जाता रहा।

विवेचना में सामने आई करोड़ों की हेराफेरी

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा पुलिस ने जांच शुरू की। प्रार्थी एवं गवाहों के कथनों के आधार पर आरोपी की पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पश्चिम बंगाल में है।

पुलिस टीम ने ईटला पोड़ा पारा, पोस्ट कालीघाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) से आरोपी विश्वजीत देबनाथ को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने निवेश की गई राशि से एक क्रेटा कार खरीदना, सोना खरीदना, घर का रंगरोगन कराना तथा सोना आईडीबीआई बैंक में रखना स्वीकार किया।

बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त

आरोपी के कब्जे से पुलिस ने निम्नलिखित सामग्री जब्त की—

  • एक क्रेटा कार
  • 12 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक
  • 9 डेबिट कार्ड
  • 8 क्रेडिट कार्ड
  • पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस
  • 3 महंगे मोबाइल फोन
  • 30,000 रुपए नगद

जब्ती के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, आरक्षक आदित्य प्रताप, गोपेश्वर सिंह, महिला आरक्षक निरमा टोप्पो एवं साइबर सेल से प्रधान आरक्षक विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि निवेश से पहले संबंधित कंपनी और व्यक्ति की पूरी जानकारी सत्यापित करें तथा किसी भी प्रकार के अवास्तविक लाभ के झांसे में न आएं।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!