
आर.ई.एस. एसडीओ 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
एंटी करप्शन ब्यूरो की ट्रैप कार्रवाई, पीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज
NTN NEWS REPORT// जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आर.ई.एस.) के एसडीओ को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हाईस्कूल मैदान समतलीकरण कार्य के भुगतान में मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी फागू राम सेन, निवासी ग्राम भवानीपुर, जिला बलौदाबाजार ने एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह ग्राम पंचायत भवानीपुर के उप सरपंच हैं। ग्राम पंचायत में हाईस्कूल मैदान के समतलीकरण कार्य हेतु शासन से 10 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे।
कार्य पूर्ण होने के बाद बिल भुगतान जनपद पंचायत पलारी के कार्यालय में लंबित था। संबंधित कार्य का मूल्यांकन रिपोर्ट आर.ई.एस. के एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा द्वारा तैयार किया गया था। आरोप है कि भुगतान फाइल को आगे बढ़ाकर जिला खनिज संस्थान न्यास, बलौदाबाजार-भाटापारा भेजने के एवज में आरोपी अधिकारी ने 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
15 हजार रुपये एडवांस, दूसरी किश्त लेते पकड़ा गया
शिकायत के मुताबिक, आरोपी द्वारा पहले ही 15 हजार रुपये एडवांस के रूप में ले लिए गए थे। प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने 19 फरवरी 2026 को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
कार्रवाई के दौरान आरोपी एसडीओ को प्रार्थी से 25 हजार रुपये की दूसरी किश्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पूरी कार्रवाई नियमानुसार पंच गवाहों की उपस्थिति में संपन्न की गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
एंटी करप्शन ब्यूरो ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी अवैध रूप से धन की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तत्काल एसीबी कार्यालय में करें।